राज्यसभा के लिए सपा क्या तीसरा उम्मीदवार उतारेगी? आज है नामांकन का आखिरी दिन
उत्तर प्रदेश के कोटे की 10 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन की आखिरी डेट है। समाजवादी पार्टी ने तीसरे उम्मीदवार को लेकर पत्ता अभी तक नहीं खोले हैं। हालांकि चर्चाएं दिनभर होती रही।

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन की अंतिम तारीख है। समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवार प्रो. रामगोपाल और धनराज नथवानी नामांकन कर चुके हैं। इसके अलावा एक निर्दल उम्मीदवार ने नामांकन किया है। समाजवादी पार्टी ने तीसरे उम्मीदवार को लेकर पत्ता अभी तक नहीं खोले हैं। हालांकि जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में सोमवार को तीसरे उम्मीदवार को लेकर सपा में चर्चाएं होती रहीं। कहा तो यह भी जा रहा है कि तीसरे उम्मीदवार के लिए विधायकों से शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने आठ उम्मीदवारों की घोषणा की है। ये सभी बीजेपी के आठों उम्मीदवार मंगलवार को आखिरी दिन नामांकन करेंगे। दरअसल, राज्यसभा चुनाव में एक सीट जीतने के लिए सदस्य संख्या के आधार पर 37 वोटों की जरूरत बताई जा रही है। सपा के दो और भाजपा के आठ उम्मीदवार उतारने की स्थिति में निर्विरोध चुनाव होगा, सपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने की स्थिति में मतदान होना तय है। सपा द्वारा नामांकन का तीन पर्चा लिया गया है और दो नामांकन हो चुके हैं। तीसरे उम्मीदवार को लेकर सपा ने अभी तक पत्ता नहीं खोला गया है। हालांकि, अंदरखाने में समाजवादी पार्टी सोमवार दिनभर तीसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए रणनीति बनाती रही।
चुनाव में राजनीतिक जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज
सपा के पास अपने संख्या बल के आधार पर दो सीटें जीतने की स्थिति है। हालांकि पार्टी तीसरी सीट के लिए भी प्रयास कर सकती है, जिससे चुनाव में राजनीतिक जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं। राज्यसभा चुनाव को अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और सपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों दलों की नजर अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने के साथ-साथ दूसरे खेमे में सेंध लगाने पर भी है।
16 अक्टूबर को मतदान
भाजपा ने आठ उम्मीदवार उतारकर जहां अपने मजबूत संख्या बल का संकेत दिया है, वहीं उम्मीदवारों के चयन में अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय समूहों को प्रतिनिधत्वि देने की कोशिश भी दिखाई दे रही है। अब निगाहें नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और सपा की आगे की रणनीति पर हैं।राज्यसभा चुनाव में यदि सभी 10 सीटों पर मुकाबला होता है तो 16 अक्टूबर को मतदान के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। फिलहाल भाजपा ने अपने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुनावी मैदान को औपचारिक रूप से सजा दिया है।


