यूपी में भी आधी आबादी दिलाएगी सत्ता की चाबी? विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा-सपा में लुभाने की होड़

लाइव हिन्दुस्तान, आशीष त्रिवेदी, लखनऊ
Follow us on Google News
share

कई प्रदेशों आधी आबादी के लिए लांच की गई योजनाएं जीत की गारंटी बन गईं। अब यूपी में भी वहीं फार्मूला अपनाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आधी आबादी यहां भी सत्ता की चाबी दिलाएगी।

cm yogi akhilesh yadav
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (दाएं) और सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

रक्षाबंधन से ठीक पहले यूपी में विधानसभा चुनाव की आहट दिखाई दी है। भाजपा और सपा दोनों ने एक ही दिन महिलाओं को लुभाने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। भाजपा सत्ता में है तो योजनाएं लांच भी कर दी गईं। सियासी दलों में महिला वोटरों को अपने पाले में लाने की होड़ सी मच गई है। सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल सपा में नित्य नए लुभावने वादे करने के साथ ही अपनी-अपनी सरकारों की खासियत और दूसरों की कमियों को गिनाने का दौर जारी है। भाजपा और सपा तो सत्ते पर सत्ते का खेल खेल रही हैं। कांग्रेस और बसपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। देखना दिलचस्प होगा कि सियासी समर में महिलाओं को लुभाने में कौन सफल होता है।

भाजपा ने महिलाओं के लिए खोला गिफ्ट का पिटारा

यूपी में भाजपा सरकार ने 60 वर्ष से अधिक महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा। रक्षाबंधन पर तीन दिन सभी महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, स्नातक की मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मी बाई योजना के तहत मुफ्त स्कूटी देने जा रही है। अक्तूबर-नवंबर में 50 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी जल्द मिलेगी।

बिहार की तर्ज पर महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू करने को बजट में टोकन मनी भी दी है। जिसमें उन्हें 10 से 30 हजार रुपये तक की एकमुश्त मदद व आगे रोजगार बढ़ने पर और वित्तीय मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 100 करोड़ रुपये दिए गए हैं। महिलाएं अपने उत्पाद यहां बेचेंगी। एक करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। महिला स्वयं सहायता समूहों को भी मदद दी जा रही है।

सपा ने भी महिलाओं को लुभाने को चला दांव

सपा ने गरीब परिवार की महिला को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया है। हर महिला को मुफ्त बस यात्रा। यूनिवर्सिटी-कालेज जाने वाली बेटियों को मुफ्त बस सुविधा, वृद्धा के साथ जाने वाले परिजन को आधा बस टिकट देना होगा, इंटरमीडिएट पास बेटियों को लैपटॉप देने जैसी घोषणाएं कर महिलाओं को लुभाने की कोशिश की है।

सपा ने अपनी पिछली सरकार में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 योजना शुरू की थी, जिसे सियासी तौर पर भुनाने का भरसक प्रयास किया गया था। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने का दांव चला था लेकिन वह काम न आया। अब वह फिर कोई नया सियासी तीर चलाकर महिलाओं को अपने पाले में खींचने की जुगत करेगी।

महिला वोट की ताकत

- यूपी में कुल 13.40 करोड़ मतदाताओं में से 6.09 करोड़ महिलाएं हैं और बाकी पुरुष हैं।

- वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 62.24 प्रतिशत महिलाओं और 59.56 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया। इससे पहले वर्ष 2017 में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 63.38 प्रतिशत व पुरुषों का 59.21 प्रतिशत था।

दूसरे राज्यों में महिलाओं ने दिलाई सत्ता की चाबी

-दिल्ली सरकार ने बुधवार को वादा पूरा करते हुए लक्ष्मी योजना के तहत 2500 रुपये की पहली किश्त दी गई।

-मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना चलाई कर 1500 रुपये दिए गए जिसका भाजपा को लाभ मिला।

-हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये दिए जा रहे हैं।

-महराष्ट्र में भी 1500 रुपये दिए जा रहे हैं।

-पश्चिम बंगाल, बिहार व छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के चुनावों के पहले महिलाओं के खाते में धनराशि भेजी गई।

यह योजनाएं भी महिलाओं को दे रहीं ताकत

-निराश्रित महिला पेंशन योजना में हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे।

-रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष से अपराध पीड़ित महिलाओं को एक से 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता।

-मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये।

-महिला कल्याण विभाग के बजट में 11 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर इसे 18620 करोड़ रुपये कर दिया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी में भी आधी आबादी दिलाएगी सत्ता की चाबी? विस चुनाव से पहले लुभाने की होड़