
जिस पत्नी को पढ़ा-लिखाकर दरोगा बनाया, पोस्टिंग मिलते ही उसने पति पर दर्ज कराया मुकदमा
यूपी के हापुड़ में ज्योति मौर्य जैसा एक मामला सामने आया है। एक युवक ने जिस महिला को पढ़ा-लिखाकर दरोगा बनाया। अब उसी महिला ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
आपको एसडीएम ज्योति और उनके पति आलोक मौर्य का मामला तो याद ही होगा। आलोक ने पत्नी ज्योति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उसका कहना था कि पत्नी को पढ़ा-लिखाकर उसने अफसर बना दिया। एसडीएम बनने के बाद उसकी पत्नी ने उससे दूरी बना ली थी। इसी तरह का मामला अब यूपी के हापुड़ से सामने आया है। यहां का रहने वाला एक युवक का युवती से प्रेम-प्रसंग था। कुछ समय बाद दोनों ने लवमैरिज कर ली। युवक ने अपनी पत्नी को पढ़ा-लिखाकर दरोगा बना दिया। पत्नी को जैसे ही पोस्टिंग मिली तो वह पति से दूरी बनाने लगी। कुछ ही दिन बीते थे कि पत्नी ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा लिखा दिया। इससे आहत पति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव पूठा हुसैनपुर निवासी गुलशन ने बताया कि वह आर्मी में जाने के सपने देख रहा था। वह दिन में मजदूरी और रात में पढ़ाई करता था इसी दौरान वर्ष 2016 में कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला गणेशपुरा निवासी पायल रानी से उसकी दोस्ती हुई, दोस्ती प्यार में बदली तो दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। 2021 में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों की 2 दिसंबर 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से शादी करा दी गई।
2023 में परीक्षा कर बनी थी दरोगा
गुलशन ने बताया कि शादी के बाद उसने पत्नी का पूरा सहयोग किया और 2023 में उसने उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा पास कर ली। इससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन यह खुशी बहुत दिन तक नहीं रही पायल बिजी रहने लगी, दूसरी जगह पोस्टिंग की वजह से दोनों की मुलाकात भी कम होती थी। इन्हीं सब बातों को लेकर दोनों में विवाद रहने लगा। कुछ दिनों में यह आपसी विवाद मनमुटाव में बदल गया, जानने वालों ने मामला सुलझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी।
बरेली के थाने में तैनात है महिला दरोगा
गुलशन का कहना है कि पत्नी पायल इस समय बरेली के हाफिजगंज थाने में तैनात है और 13 नवंबर 2025 को उसने हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मिलकर मेरे और परिवार वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत की। एसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में उसके और परिवार वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। गुलशन ने एसपी से मिलकर मुकदमे में निश्पक्ष जांच की मांग की है।
पत्नी का आरोप दस लाख रुपये और गाड़ी की मांग की
पीड़िता पायल रानी का आरोप है कि शादी के बाद गुलशन का परिवार खुश नहीं था। इसी के चलते वह दस लाख रुपये और गाड़ी की मांग करने लगे थे। उसके परिवार ने हैसियत के अनुसार शादी में दान दहेज दिया था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट की गई और तेजाब डालकर मारने का प्रयास किया गया था। वहीं हापुड़ प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया, महिला दरोगा की की तरफ से जो मुकदमा दर्ज कराया गया फिलहाल उसकी जांच कराई जा रही है। पति गुलशन समेत छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





