ड्राइवर के इश्क में कातिल बनी बीवी, पति को गोलियां खिलाकर किया बेहोश, फिर सांप से डसवा कर मार डाला

मेरठ/हस्तिनापुर
Follow us on Google News
share

आगरा में पति की हत्या के बाद उसके शव को बाथरूम में दफनाने वाली पत्नी की चर्चा अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि अब मेरठ से एक पत्नी ने अपने पति को सांप से डंसवाकर मार डाला।

ड्राइवर के इश्क में कातिल बनी बीवी, पति को गोलियां खिलाकर किया बेहोश, फिर सांप से डसवा कर मार डाला

Meerut News: देशभर में चर्चित सांप कांड एक बार फिर से दोहराया गया है। बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में पिछले साल जिस तरह रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ पति अमित की हत्या की और सांप से डसवाकर मारा था, उसी तरह की वारदात मेरठ में गुरुवार रात को हस्तिनापुर में दोबारा से अंजाम दी गई। स्कूल संचालिका ने प्रेमी ड्राइवर के इश्क में पति को खाने में 10 नींद की गोलियां खिलाई गई और इसके बाद जहरीले सांप से डसवा कर उसकी हत्या कर दी। घटना को सर्पदंश से मौत दिखाने की साजिश भी हुई, लेकिन जैसे ही पोस्टमार्टम कराने की बात हुई तो पत्नी मना करने लगी। पुलिस ने फिलहाल हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

बहसूमा के भंडोरा गांव निवासी 32 वर्षीय अतुल कुमार अपनी पत्नी दामिनी और बेटे छह साल के बेटे मानिक के साथ पिछले चार माह से हस्तिनापुर की जे ब्लॉक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। कॉलोनी के पास ही दंपति ने कृष्णा किड्स स्कूल संचालित किया हुआ था। गुरुवार रात दंपति अपने बेटे के साथ एक ही कमरे में अलग-अलग बेड पर सोए थे। देर रात गर्मी के कारण पत्नी अपने बेटे के साथ बाहर बैठक में आकर सो गई। शुक्रवार सुबह दामिनी अतुल को चाय देने के लिए गई तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद दामिनी ने अपने ससुर अजब सिंह को फोन किया और बताया कि सांप के काटने से अतुल की मौत हो गई है। अजब सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दामिनी और स्कूल बस के चालक तुषार की मदद से अतुल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया।

पत्नी ने पति के शव का पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

अतुल के पैर पर सांप के काटने के निशान भी मिले थे, इसलिए परिजन अतुल को चेतावाला में कुछ सपेरों के पास ले गए और झाड-फूंक कराई। हालांकि बात नहीं बनी और उन्होंने भी अतुल को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को भंडोरा गांव ले गए और यहां पर हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसी दौरान दामिनी और तुषार पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने लगे। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सीओ मवाना पंकज लवानिया, फोरेंसिक टीम और हस्तिनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

अतुल को पहले नींद की गोलियां खिलाई और फिर सांप से डसवाया

पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की तो दो नींद की गोलियां मिली। दामिनी और तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। खुलासा हुआ कि दोनों में प्रेम प्रसंग है और इसलिए अतुल की हत्या की प्लानिंग की। तुषार ने नींद की गोलियां खरीदकर दामिनी को दी थी। दो दिन पहले एक सांप भी सपेरे से खरीदकर लाए थे। गुरुवार रात को 10 नींद की गोलियां दामिनी ने अतुल को दी थी। अतुल के बेहोश होने के बाद दामिनी और तुषार ने मिलकर सांप से अतुल को कटवा दिया और हत्या कर दी। मौत की पुष्टि करने के लिए गला भी दबाया था। सुबह के समय दामिनी ने ड्रामा किया और परिजनों को सूचना दी।

रविता की तरह दोहराया सांप कांड

मेरठ के थाना बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में 12 मई 2025 को रविता ने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित को गला दबाकर मार दिया और फिर सर्पदंश से मौत दिखाने के लिए लाश पर सांप फेंक दिया था। सांप को अमरदीप ने सपेरे से खरीदा था। उसी तर्ज पर दामिनी और तुषार ने अतुल की हत्या की प्लानिंग की थी। पुलिस पता कर रही है कि तुषार सांप किससे और कब खरीदकर लाया था।

तीन माह पूर्व तक गांव में ही रहे

अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि अतुल और उसकी पत्नी तीन माह पूर्व तक गांव में रहते थे। पंरतु वह कहने लगा कि किसी पुरोहित ने चार साल तक गांव में न रहने के लिए कहा था। तभी से वह किराए पर मकान लेकर हस्तिनापुर रहने लगा था।

चार माह पहले भी किया हत्या का प्रयास

अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि चार माह पूर्व भी गांव में अतुल की हत्या का प्रयास दामिनी ने किया था। उस समय कोई नशे की दवाई अतुल को दी गई थी, जिसके बाद अतुल की हालत खराब हो गई थी। कई दिन अतुल को अस्पताल में भर्ती रखा गया था। हालांकि इस दौरान दामिनी ने पुलिस कार्रवाई नहीं होने दी।

अतुल कहता था, मां वो मुझे मरवा देगी

अतुल जब गांव मे रहता था तो अपनी मां संतोष देवी से उसने कहा था दामिनी का किसी अन्य से प्रेम प्रसंग चल रहा है। अपने हत्या की आशंका भी जताई थी। अपनी मां से अतुल ने कहा था कि ‘मां वो मुझे मरवा देगी’। हालांकि उस समय दामिनी पर किसी को शक नहीं था।

एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय ने कहा, दामिनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति अतुल को खाने में गुरुवार रात 10 नींद की गोलियां दीं। इसके बाद दामिनी और प्रेमी तुषार ने मिलकर अतुल की सांप से डसवा कर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत कैसे हुई, ये पता किया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।