पत्नी ने खेत में पति को गला रेतकर मौत के घाट उतारा, सौतन पर भी बोला हमला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

कुशीनगर में खेत पर मेड़ बांध रही पत्नी को रोकने के लिए पति वहां पहुंचा तो पत्नी ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पति को बचाने लिए उसकी दूसरी पत्नी (सौतन) आगे आई तो पहली पत्नी ने उस पर भी हमला बोल दिया। दूसरी पत्नी बुरी तरह घायल हो गई। आरोपी पत्नी और साली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Wife Killed Husband in Kushinagar
कुशीनगर में पत्नी ने की पति की हत्या

कुशीनगर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक पत्नी ने अपने पति का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पति को बचाने के लिए आई सौतन को भी हमला बोलकर उसने बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने मारे गए शख्स की मां से तहरीर लेकर पहली पत्नी और उसके बच्चों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पत्नी और साली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पति-पत्नी में झगड़ा शनिवार की सुबह-सुबह खेत पर मेड़ बांधने को लेकर हुआ।

घटना कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जंगल जगदीशपुर के टोला मदरहवा की है। यहां के रहने वाले ओमप्रकाश राजभर (उम्र 48 साल) ने दो शादियां की थीं। पहली शादी सिरसिया कला के टोला सिरसिया विरभान निवासिनी उर्मिला से हुई थी। दोनों से तीन बच्चे हैं। उर्मिला नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक क्षेत्र में आशा कार्यकर्त्री है। वर्ष 2003 में पति-पत्नी में विवाद शुरू हुआ। ओमप्रकाश ने 2012 में पश्चिमी चंपारण के चुलिहरवा फॉर्म, हरीनगर की नित्या उर्फ अंकिता से दूसरी शादी कर ली थी। ओमप्रकाश ने दो महीने पहले छह कट्ठा जमीन बेची थी। शनिवार सुबह उर्मिला बच्चों संग पडरौना क्षेत्र के खेत में हिस्से को लेकर मेड़ बांध रही थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पति को बचाने पहुंची थी सौतन

खेत में उर्मिला बच्चों संग पडरौना क्षेत्र के खेत में हिस्से को लेकर मेड़ बांध रही थी। इसकी जानकारी होने पर ओमप्रकाश दूसरी पत्नी नित्या के साथ मौके पर पहुंचा। विवाद के दौरान उर्मिला ने बखुआ से ओमप्रकाश के गले पर वार कर दिया। बचाने पहुंची नित्या पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सौतन घायल हो गई।

एएसपी और सीओ सदर, स्थानीय पुलिस समेत दो थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक की दूसरी पत्नी को अस्पताल भेजवाकर इलाज कराया। नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने मृतक की मां मंगरी देवी की तहरीर पर आरोपी पत्नी उर्मिला, उसकी बहन सीमा और बच्चों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी उर्मिला और उसकी बहन सीमा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

छह कट्ठा जमीन बेचने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पहली पत्नी द्वारा पति की हत्या करने के पीछे जमीन के बंटवारे और भरण-पोषण को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पंचायत से लेकर कोर्ट तक मामला पहुंचने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ था। ओमप्रकाश की पहली शादी वर्ष 1996 में उर्मिला से हुई थी। दोनों से तीन बच्चे हैं। उर्मिला नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक क्षेत्र में आशा कार्यकत्री के पद पर तैनात है। पहली पत्नी के वर्ष 2003 से अक्सर विवाद होने के चलते मायके में रहने के दौरान ओमप्रकाश ने वर्ष 2012 में बिहार निवासिनी नित्या उर्फ अंकिता से दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पंचायत के बाद पहली पत्नी को जीविकोपार्जन के लिए पांच कट्ठा जमीन दी गई थी। इसके बावजूद हिस्सा बंटवारे और भरण-पोषण को लेकर विवाह के सात साल बाद से पिछले 13 साल से न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। पहली पत्नी बच्चों के साथ गांव के पुराने मकान में रहती थी, जबकि ओमप्रकाश दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ खेत में बने नए घर में रहते थे। बाद में दूसरी शादी करने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। पंचायत के बाद पहली पत्नी को जीविकोपार्जन के लिए पांच कट्ठा जमीन दी गई थी। पिछले 29 जुलाई को अपनी साढ़े तीन एकड़ जमीन में से छह कट्ठा जमीन ओमप्रकाश ने बेच दी। इसकी जानकारी होने पर विवाद और गहरा गया।

आशा के मानदेय से बच्चों को पाल रही थी पहली पत्नी

दो बेटियों और एक बेटे को पढ़ा-लिखाकर बेहतर इंसान बनाने का सपना संजोए उर्मिला अपनी छोटी-सी कमाई और मायके वालों के सहयोग के सहारे जिंदगी की गाड़ी खींच रही थी। आशा के रूप में मिलने वाले मानदेय से बच्चों की पढ़ाई और परवरिश करती थी। पहली पत्नी उर्मिला के सामने बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी थी। दो वर्ष पहले जब एक बेटी की शादी की जिम्मेदारी सामने आई, तो पति की ओर से आर्थिक सहयोग नहीं मिला। ओमप्रकाश ने 29 जुलाई को अपनी साढ़े तीन एकड़ जमीन में से छह कट्ठा जमीन साढ़े नौ लाख रुपये में बेच दी थी। इसको लेकर तनाव और बढ़ गया था।

क्या बोली पुलिस

कुशीनगर के एसपी केशव कुमार ने बताया कि जमीन और पारिवारिक विवाद में पहली पत्नी ने पति पर जानलेवा किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पहली पत्नी और साली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsपत्नी ने खेत में पति को गला रेतकर मौत के घाट उतारा, सौतन पर भी बोला हमला