डीजे पर पत्नी ने डांस करने से मना किया, तो पति ने दे दी जान; तिलक समारोह में पसरा मातम

Feb 11, 2026 04:15 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता।, फैजंगज बेहटा (बदायूं)
share

पीलीभीत में तिलक समारोह के दौरान पत्नी के डांस से इनकार पर हुए विवाद के बाद युवक अनिल ने जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। घटना से समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।

डीजे पर पत्नी ने डांस करने से मना किया, तो पति ने दे दी जान; तिलक समारोह में पसरा मातम

पीलीभीत जिले के फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सैंडोला में तिलक समारोह के दौरान हुई एक दुखद घटना ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। पत्नी के साथ डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के गांव बरबारा निवासी 30 वर्षीय अनिल अपनी पत्नी प्रियंका और बच्चों के साथ साले सोनू के तिलक समारोह में शामिल होने सैंडोला गांव आया था।

रविवार को घर में तिलक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं और परिवार तथा रिश्तेदार समारोह में व्यस्त थे। इसी बीच अनिल ने दोपहर से ही शराब पीना शुरू कर दिया था। शाम होते-होते वह नशे की हालत में डीजे पर पहुंच गया और अकेले ही डांस करने लगा। बताया जा रहा है कि डांस के दौरान उसने अपनी पत्नी प्रियंका पर भी साथ में डांस करने का दबाव बनाया। प्रियंका के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल ने पत्नी के साथ मारपीट भी की, जिससे उसे चोटें आईं।

परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन अनिल नाराज होकर वहां से चला गया और गांव के पास जंगल की ओर निकल गया। अनिल के अचानक गायब होने से परिजन चिंतित हो गए और रात भर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव के बाहर जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों ने शव की पहचान अनिल के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना से तिलक समारोह में मौजूद लोगों में शोक की लहर दौड़ गई और खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।