
पत्नी ने 3 साल की बच्ची के नाम पर पति को फंसाने की रच दी साजिश, जानें फिर
संक्षेप: पत्नी की योजना के मुताबिक रात 11 बजे जब पति सो गए तो उसने अपनी छोटी को वहीं पर छोड़ दिया। बेटे पप्पू को साथ लेकर मायके जाने को निकल पड़ी। कानपुर सेंट्रल पर शनिवार की रात 2.15 बजे पहुंची। प्लेटफार्म नंबर नौ से कल्पना ने 112 पर फोन करके बच्ची के अपहरण किए जाने की सूचना दे दी।
Husband-Wife Story: यूपी के कानपुर से हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। रात में गर्म रोटी सेंकने से मना करने पर कल्पना का पति राजेश से विवाद हो गया। गुस्साई कल्पना सेंट्रल स्टेशन पहुंची और पति को फंसाने की खातिर पुलिस कंट्रोल को सूचना दे दी कि उनकी तीन साल की बेटी को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया है। सूचना पर सक्रिय हुई जीआरपी ने छह घंटे स्टेशन और आसपास लगे 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली पर निराशा हाथ लगी। तीन बार कल्पना से अलग-अलग पूछताछ में जीआरपी को आशंका हुई तो एक टीम बिना बताए उसके ससुराल के पते कन्नौज भेजी गई। जहां तीन साल की बच्ची पिता संग खेलते मिली। पुलिस पति और बच्ची को लेकर सेंट्रल स्टेशन आ गई। पुलिस ने बच्ची को महिला के सुपुर्द कर दिया। पति कन्नौज तो उसकी पत्नी अपने पिता संग बिहार रवाना हो गई।

जलालगढ़, पूर्णिया, बिहार निवासी चंदर की बेटी कल्पना की शादी परतीतपुरवा, बरौली कन्नौज निवासी राजेश राजपूत से पांच साल पहले हुई थी। राजेश का चार साल का बेटा पप्पू और तीन साल की बेटी छोटी है। तीन दिन पहले राजेश का पत्नी कल्पना से गर्म रोटी सेंकने से मना करने पर विवाद हो गया था। कल्पना ने अपने बिहार निवासी पिता चंदर को फोन करके सूचना दी। पिता शनिवार सुबह कन्नौज पहुंच गए।
पत्नी की योजना के मुताबिक रात 11 बजे जब पति सो गए तो उसने अपनी छोटी को वहीं पर छोड़ दिया और बेटे पप्पू को साथ लेकर मायके जाने को निकल पड़ी। कानपुर सेंट्रल पर शनिवार की रात 2.15 बजे पहुंची। प्लेटफार्म नंबर नौ से कल्पना ने 112 पर फोन करके बच्ची के अपहरण किए जाने की सूचना दे दी। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि कल्पना से बातचीत में कुछ चीजें सामने आई थी, उसी आशंका पर टीम कन्नौज में राजेश राजपूत के घर पुलिस गई तो आशंका सच निकली। बेटी पिता के साथ खेल रही थी।





