पत्नी का सिलबट्टे से सिर कूचा, शव के साथ बच्चों को कमरे में बंदकर भागा; रामपुर में निर्मम हत्या
रामपुर के मसवासी क्षेत्र में घरेलू कहासुनी के बाद पति धर्मेंद्र सैनी ने सिलबट्टे से वार कर 35 वर्षीय पत्नी रीना की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के शव और दो बच्चों को कमरे में बंद कर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है।

रामपुर जिले के मसवासी चौकी क्षेत्र के ग्राम भूबरा मुस्तेहकम के मझरा सीतारामपुर में रविवार रात घरेलू कहासुनी में आपा खोए पति ने घर में रखे भारी-भरकम सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वार कर 35 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी के लहुलुहान शव और दो मासूम बच्चों को कमरे के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं देर रात मृतका के भाई शिवम की ओर से पति के खिलाफ तहरीर दी गई है। धर्मेंद्र सैनी की रविवार रात करीब नौ बजे पत्नी रीना सैनी से किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई।
पत्नी के शव के साथ बच्चों के कमरे में बंद किया
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर धर्मेंद्र ने घर में रखा सिलबट्टा उठाकर रीना के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रीना की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया। बताया गया कि वारदात के बाद आरोपी गांव में ही एक दुकान स्वामी के पास पहुंचा व घटना की जानकारी दी। दुकान स्वामी ने ग्राम प्रधान पति राजू सैनी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद प्रधान पति ने पुलिस को सूचना दी। सीओ टांडा पंकज पंत ने बताया कि मसवासी क्षेत्र में पति ने पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी फरार है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा और चौकी प्रभारी सोहनपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद टांडा सीओ पंकज पंत भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हत्या की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। साथ ही परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व प्रधान का सगा भतीजा है आरोपी
उन्होंने बताया कि महिला के भाई शुभम की ओर से आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। अभी उसके आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ हीप हत्या के कारण की भी जांच हो रही है। धर्मेंद्र सैनी गांव भूबरा मुस्तेहकम की पूर्व प्रधान लक्ष्मी सैनी का सगा भतीजा है। ग्रामीणों के मुताबिक, धर्मेंद्र के पिता रमेश सैनी की करीब 12 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है।

