प्रेमी संग शादी के लिए पत्नी ने कराई पति की हत्या, जमीन बेचकर 10 लाख देने का था सौदा
मुजफ्फरनगर में पत्नी ने प्रेम संबंध में बाधक बनने पर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। पत्नी ने प्रेमी और उसके दोस्तों को हत्या के बाद जमीन बेचकर दस लाख रुपये देने का वादा किया था। उधर, पुलिस ने मामल का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यूपी के मुजफ्फरनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पत्नी ने प्रेम संबंध में बाधक बनने पर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से दो तमंचे, तीन मोबाइल और घटना में प्रयुक्त कार को बरामद किया है। आरोपी पत्नी ने प्रेमी और उसके दोस्तों को हत्या के बाद जमीन बेचकर दस लाख रुपये देने का वादा किया था।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव अम्बरपुर के जंगल में प्रवीण उर्फ परविन्द्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में रतनपुरी पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को मामले में लगाया था। थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान और क्राइम ब्रांच प्रभारी मोहित चौधरी ने टीम के साथ मिलकर हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने किसान मृतक की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी विकास उसके साथी राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की साजिश के लिए खरीदा था नया मोबाइल
आरोपी राजा उर्फ काला ने एक नया सिम और फोन खरीदा था। आरोपी ने फोन कर प्रवीण को गांव अम्बरपुर के जंगल में बुलाया था। जहां पहले से अन्य आरोपी मौजूद थे। उसको एक गोली कल्याण और दूसरी गोली राजा उर्फ काला ने मारी थी। फिर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
जमीन बेचकर 10 लाख देने का था सौदा
रेखा ने पति की हत्या के बाद जमीन बेचकर दस लाख रुपये देने तय किए थे। गिरफ्तार आरोपी राजा उर्फ काला के प्रवीण पर डेढ़ लाख रुपये थे। कई बार पैसे मांगने पर प्रवीण उसके पैसे नहीं दे रहा था। कल्याण सिंह के यहां आरोपी राजा नौकरी करता था। कल्याण और प्रवीण दोस्त थे। रेखा ने प्रेमी विकास को पति प्रवीण की हत्या कराने और जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने का वादा किया। विकास ने यह बात राजा और कल्याण सिंह को बताई। फिर उन्हें अपने साथ प्रवीण की हत्या की साजिश में शामिल कर लिया। विकास ने प्रवीण की हत्या के बाद 3 लाख रुपये राजा और 3 लाख रुपये कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को दिए जाने तय किए थे।
प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश
एसएसपी ने बताया प्रवीण की शादी साल 2006 में रेखा से हुई थी। प्रवीण ठेकेदारी का भी काम करता था। उसकी दोस्ती विकास के साथ थी। घर आने जाने के कारण रेखा की नजदीकियां विकास के साथ हो गई। वर्ष 2019 में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। पति के शराब पीकर पिटने के कारण रेखा प्रेमी विकास के साथ शादी करना चाहती थी। इस बात की जानकारी प्रवीण को हो गई थी। वह दोनों के प्रेम संबंध का विरोध करता था। इस बात को लेकर अक्सर उनके बीच लड़ाई भी होती थी। इसी कारण रेखा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। विकास ने हत्या में अपने दो दोस्तों को भी शामिल किया था।

