पति के कत्ल के लिए पत्नी ने प्रेमी से मंगाया देश का सबसे जहरीला सांप, तीसरी कोशिश हुई कामयाब
दामिनी का करीब एक साल पहले अपने ही स्कूल की वैन पर चालक तुषार से अफेयर हो गया था। पिछले करीब 4 महीने में दो बार अतुल की हत्या की कोशिश की गई थी। सबसे पहले तुषार ने एक दवा लाकर दामिनी को दी थी, जिसे खाने में मिलाकर अतुल को दिया था। अतुल की हालत बिगड़ी थी और अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Wife Killed Husband: दामिनी ने अपने पति अतुल के लिए प्रेमी तुषार से देश का सबसे जहरीला सांप मंगाया था। दामिनी और तुषार पिछले करीब चार महीने से अतुल की हत्या की प्लानिंग कर रहे थे। चार महीने पहले नशे की गोलियां अतुल के खाने में मिलाकर दी गई थी। 20 दिन पहले हस्तिनापुर में तुषार ने कार से टक्कर मारकर अतुल को मारने का प्रयास किया था, लेकिन हेलमेट होने के कारण वह बच गया था। गुरुवार रात को तीसरी बार हत्या का प्रयास किया गया, जिसमें दामिनी-तुषार कामयाब रहे। इस बार जहरीले सांप करैत से डसवा कर अतुल की हत्या कर दी।
दामिनी का करीब एक साल पहले अपने ही स्कूल की वैन पर चालक तुषार से प्रेम प्रसंग हो गया था। पिछले करीब चार महीने में दो बार अतुल की हत्या की कोशिश की गई थी। सबसे पहले तुषार ने एक दवा लाकर दामिनी को दी थी, जिसे खाने में मिलाकर अतुल को दिया था। इसके बाद अतुल की हालत बिगड़ी थी और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के प्रयास से उस समय अतुल बच गया था। इसके बाद एक ज्योतिषी का हवाला देकर दामिनी ने कहा कि उन्हें गांव का मकान छोड़कर दूसरी जगह रहने की सलाह दी है। इसके बाद दंपति हस्तिनापुर में रहने लगे।
वहीं, 20 दिन पहले तुषार ने एक अर्टिगा कार लेकर हस्तिनापुर से बाहर बाइक चला रहे अतुल को टक्कर मारी थी। हालांकि अतुल हेलमेट होने के कारण बच गया था। इस दौरान अतुल ने पुलिस से शिकायत की बात कही थी, लेकिन दामिनी ने ही मना कर दिया था और कह दिया कि जब तुमने गाड़ी का नंबर नहीं देखा तो शिकायत करके क्या होगा।
रविता की तरह दोहराया सांप कांड
मेरठ के थाना बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में 12 मई 2025 को रविता ने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित को गला दबाकर मार दिया और फिर सर्पदंश से मौत दिखाने के लिए लाश पर सांप फेंक दिया था। सांप को अमरदीप ने सपेरे से खरीदा था। उसी तर्ज पर दामिनी और तुषार ने अतुल की हत्या की प्लानिंग की थी। पुलिस पता कर रही है कि तुषार सांप किससे और कब खरीदकर लाया था।
ऐसा सांप लाना, जिसका काटा पानी न मांगे
तुषार ने अपने दो दोस्तों सोनू और उदय कुमार को 5 लाख रुपये देने का लालच दिया और जहरीला सांप पकड़ने को कहा था। कहा था कि ऐसा सांप लाना, जिसका काटा पानी भी न मांगे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने करैत सांप को पकड़कर तुषार को मंगलवार को दिया था। बताया भी था कि ये सबसे जहरीला सांप है। ऐसे में तुषार ने इस सांप को एक कांच की बोतल में बंद करके रखा था। अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि चार महीने पहले भी गांव में अतुल की हत्या का प्रयास दामिनी ने किया था। उस समय कोई दवाई अतुल को दी गई थी, जिससे अतुल की हालत खराब हो गई थी।
दामिनी ने नींद की गोलियां दीं और फिर छोड़ दिया सांप
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दामिनी को गुरुवार को रात के समय तुषार ने सांप और नींद की गोलियां लाकर दी। इसके बाद दामिनी ने रात को 10-12 नींद की गोली दूध में मिलाकर अतुल को दी थी। देररात करीब दो से तीन बजे के बीच अतुल के बेड पर दामिनी ने ही बोतल खोलकर सांप छोड़ दिया। इसी सांप ने अतुल को काटा था और कपड़ों में ही छिप गया था। इसके बाद दामिनी कमरे से बाहर आ गई थी।
20 लाख के बीमा के लिए कत्ल
अतुल पवार एक प्रकाशन में ड्राइवर भी था और उसके नाम से 20 लाख रुपये का बीमा भी था। दामिनी और तुषार ने प्लानिंग की थी कि अतुल की हत्या के बाद बीमा की राशि हड़प लेंगे। पांच लाख रुपये सर्पदंश से मौत के भी मिलेंगे।
अतुल कहता था, मां वो मुझे मरवा देगी
अतुल जब गांव मे रहता था तो अपनी मां संतोष देवी से उसने कहा था दामिनी का किसी अन्य से प्रेम प्रसंग चल रहा है। अपने हत्या की आशंका भी जताई थी। अपनी मां से अतुल ने कहा था कि ‘मां वो मुझे मरवा देगी’। हालांकि उस समय दामिनी पर किसी को शक नहीं था।
ये आरोपी गिरफ्तार
1.दामिनी पवार(अतुल पवार की पत्नी)
2. तुषार उर्फ निक्की पुत्र भंवर सिंह निवासी हस्तिनापुर।
3. सोनू पुत्र सुरेंद्र निवासी हस्तिनापुर। (तुषार का दोस्त)
4. उदय कुमार पुत्र सुनील निवासी हस्तिनापुर। (तुषार का दोस्त)
क्या बोली पुलिस
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि दामिनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति अतुल को खाने में गुरुवार रात दूध में 10 नींद की गोलियां दीं। इसके बाद दामिनी और प्रेमी तुषार ने मिलकर अतुल की सांप से डसवा कर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत कैसे हुई, ये पता किया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

