तलाक का आधार भले ही परित्याग, फिर भी पत्नी भरण-पोषण की हकदार; हाईकोर्ट का फैसला
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ ने फैसला सुनाते हुए कहा कि तलाक का आधार भले ही परित्याग, फिर भी पत्नी भरण-पोषण की हकदार है। हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उक्त तलाकशुदा महिला ने दोबारा शादी नहीं की है और अपना भरण-पोषण करने में सक्षम नहीं है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने वैवाहिक विवाद मामले में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। कहा है कि भले ही पति ने पत्नी के परित्याग के आधार पर तलाक की डिक्री प्राप्त किया हो लेकिन इससे महिला का भरण-पोषण का दावा स्वतः समाप्त नहीं हो जाता है। वह पूर्व पति से भरण-पोषण की मांग कर सकती है। हालांकि, न्यायालय ने स्पष्ट किया कि आवश्यक है कि उक्त तलाकशुदा महिला ने दोबारा शादी नहीं की है और अपना भरण-पोषण करने में सक्षम नहीं है।
न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्र की एकल पीठ ने सुलतानपुर के परिवार न्यायालय के आदेश के विरुद्ध पत्नी द्वारा दाखिल पुनरीक्षण याचिका को स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया है। परिवार न्यायालय ने महिला के भरण-पोषण के दावे को खारिज कर दिया था। महिला ने वर्ष 2009 में धारा 125 सीआरपीसी के तहत भरण-पोषण का मुकदमा दाखिल किया था। उसका आरोप था कि शादी के बाद पति और ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया और एक लाख रुपये, मोटर साइकिल तथा रंगीन टेलीविजन की मांग की।
पत्नी पर अपनी मर्जी से वैवाहिक घर छोड़ने का आरोप लगाया था
पति ने आरोपों से इनकार करते हुए पत्नी पर अपनी मर्जी से वैवाहिक घर छोड़ने का आरोप लगाया था। इस दौरान पति ने 25 सितंबर 2014 को परित्याग के आधार पर एकपक्षीय कार्यवाही के तहत तलाक की डिक्री प्राप्त कर ली। बाद में उसके दूसरी शादी करने तथा दूसरी महिला का नाम सेवा अभिलेखों में पत्नी के रूप में दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई।
तलाकशुदा महिला को भी ‘पत्नी’ माना जाता
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि धारा 125 के सीमित उद्देश्य के लिए तलाकशुदा महिला को भी ‘पत्नी’ माना जाता है। दोबारा शादी नहीं करने और स्वयं का भरण-पोषण करने में असमर्थ होने पर वह पूर्व पति से भरण-पोषण की हकदार है। तलाक परित्याग के आधार पर हुआ हो, यह अकेले उसके दावे में बाधक नहीं है। कोर्ट ने कहा कि तलाक के बाद 25 सितंबर 2014 से महिला के भरण-पोषण के दावे पर नए सिरे से विचार किया जाए। नाबालिग बेटे को भी बालिग होने तक भरण-पोषण का हकदार माना गया। तब तक पूर्व पति को चार हजार रुपये प्रतिमाह अंतरिम भरण-पोषण देने का आदेश दिया गया है।

