आगरा का दृश्यम: पत्नी ने घर में ही खोदी पति की कब्र, हत्या के बाद बाथरूम में दफनाई लाश, पुलिस ने निकलवाया कंकाल
यूपी के आगरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति को मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद उसके शव को घर के ही बाथरूम में दफना दिया। किसी को शक न हो इसके लिए उसने सीमेंट से फर्श डलवा दी। 46 दिन बाद मामला खुला तो सनसनी फैल गई।

Agra Murder: मेरठ के चर्चित 'नीले ड्रम' हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि आगरा से पति की हत्या और शव छिपाने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार शव नीले ड्रम में नहीं, बल्कि घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन मिला। सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी पर आरोप है कि उसने खुद ही अपना सुहाग उजाड़ डाला। महिला ने पति की हत्या के बाद उसकी कब्र अपने घर के बाथरूम में खोद डाली। महिला ने पति को पहले खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। पति की मौत के बाद उसके शव को बाथरूम में खोदकर दफना दिया। ऊपर से सीमेंट से फर्श डलवा दी और 46 दिन तक सभी को गुमराह करती रही। शुक्रवार को पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई तो फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हुआ। आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मूल रूप से भरतपुर (राजस्थान) निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, मां और दो बेटियों के साथ आगरा के रेणुका धाम में रहते थे। 18 मई के बाद पत्नी ने परिजनों को बताया कि सुरेंद्र लापता हैं और बाद में उनकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। पुलिस सीसीटीवी खंगालती रही, जबकि पत्नी जांच में सहयोग का दिखावा करती रही। शुक्रवार को सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि रूबी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार कर ली है। इसके बाद पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई, जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
पति को खीर में दी थीं डेढ़ दर्जन नींद की गोलियां
पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी ने पूछताछ में बताया कि उसने पति को खीर में करीब डेढ़ दर्जन नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी थीं। सुबह पति मृत मिला तो शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई। बाथरूम का फर्श तुड़वाकर मिट्टी डलवाई, शव दबाया और फिर नया सीमेंट का फर्श बनवा दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस के मुताबिक, परिवार की पेंशन का पैसा आरोपी पत्नी के पास रहता था। जेठ को इस बार पेंशन नहीं मिली तो उसने बैंक जाकर जानकारी ली। वहां पता चला कि पेंशन आ चुकी है और रकम भी पहले से अधिक है। इसी बात पर हुए विवाद के दौरान रूबी के मुंह से हत्या की बात निकल गई, जिसके बाद पुलिस तक मामला पहुंचा।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया, पत्नी पर पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाने का आरोप है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नीले और हरे ड्रम में दफनाए अपने
‘नीले ड्रम’ और ‘हरे ड्रम’ जैसे चर्चित मर्डर केस के बाद आगरा में पति को बाथरूम के फर्श में दफनाने का मामला सामने आया है। मेरठ में मार्च-2025 में पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मर्चेंट नेवी में पदस्थ अपने पति सौरभ को प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा और फिर उसके शव के टुकड़े करके उन्हें नीले ड्रम में दफना दिया। ऐसे ही मुंबई के मुब्रा इलाके में एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे हरे रंग के प्लास्टिक ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया।
जमीन में दफनाने में भी पीछे नहीं
जुलाई 2025 में पालघर (नालासोपारा), महाराष्ट्र में पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने पति विजय चौहान की हत्या की और शव को घर के कमरे में करीब चार फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफनाया ही नहीं बल्कि उसके ऊपर नई फ्लोर टाइल्स भी लगवा दीं। नवंबर 2025 में अहमदाबाद में लगभग एक वर्ष से गायब युवक को लेकर पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की। शव के अवशेष घर की रसोई (किचन) के फर्श के नीचे दफना दिए। इसे "रियल लाइफ दृश्यम" जैसा मामला बताया।


