मुझे संतोष है..., मेरठ में कांग्रेस पर जमकर गरजे मोदी, फिर क्यों करने लगे विपक्ष की तारीफ?

Feb 23, 2026 09:31 am ISTAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। इसी दौरान उन्होंने कुछ विपक्षी दलों की तारीफ भी की। पीएम ने कहा कि एक बात का मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है।

मुझे संतोष है..., मेरठ में कांग्रेस पर जमकर गरजे मोदी, फिर क्यों करने लगे विपक्ष की तारीफ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ से कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026 में कांग्रेस की यूथ विंग के शर्टलेस विरोध प्रदर्शन को लेकर जमकर निशाना साधा। हालांकि कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कई विपक्षी पार्टियों की तारीफ भी की। पीएम मोदी ने कहा कि एक बात मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है। मैं इसके लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ से करीब 12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया और भारत के पहले नमो भारत RRTS और संपूर्ण दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर देश को समर्पित किया। इस मौके पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं लेकिन देश में ही कुछ राजनैतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे। भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। पूरा देश गर्व से भर गया लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नेताओं ने वहां जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई है... कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, ये मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को गाली देने से इन्हें कोई परहेज़ नहीं है, उन्हें भाजपा, एनडीए से विरोध है। लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि AI ग्लोबल समिट यह भाजपा का समारोह नहीं था और न ही भाजपा का कोई नेता वहां मौजूद था। यह देश का, देश के सम्मान का कार्यक्रम था लेकिन कांग्रेस ने परसो सारी मर्यादाएं तोड़ दी। पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है लेकिन दुर्भाग्य देखिए इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाजने की बजाय गाजते हैं। देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की इन हरकतों का मामला लगातार चल रहा है। इन्होंने संसद में क्या किया? संसद में खुद कुछ नहीं कर पा रहे तो अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते, संसद चलने नहीं देते। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है। दिल्ली में जो उन्होंने यह नंगा पन दिखाया उससे उनके सारे साथी दल चौंक गए हैं, सबने उनसे किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि महिला सांसदों को भेज करके सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो। क्या आप लोग इतने खोखले हो गए हो कि माताओं-बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो। पीएम ने कहा कि कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। इसी दौरान उन्होंने कुछ विपक्षी दलों की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि एक बात का मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।