बीजेपी में किसे मिलेगा MLC का टिकट? प्रत्याशी तय करने को CM योगी के आवास पर बैठी कोर कमेटी
UP MLC Election : उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 विधान परिषद सीटों पर चुनाव होने हैं। भाजपा इनमें से पांच जीती हुई सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। अभी 6 सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर फैसला होना बाकी है। शनिवार देर शाम सीएम योगी के आवास पर पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई।

UP MLC Election : भाजपा, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की उन आधा दर्जन सीटों पर चेहरे तय करने की कवायद में जुटी है, जहां प्रत्याशी घोषित किए जाने हैं। इसे लेकर बीती रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में मंथन किया गया। बैठक में पार्टी के साथ ही कुछ बाहरी चेहरों के नामों पर भी चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि एक राय नहीं बन पाने के कारण कोर कमेटी की बैठक फिर होगी। इसके साथ ही पार्टी के कार्यक्रम-अभियानों को लेकर भी चर्चा की गई।
प्रदेश में शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 विधान परिषद सीटों पर चुनाव होने हैं। भाजपा इनमें से पांच जीती हुई सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। अभी छह सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर फैसला होना बाकी है। इसे लेकर पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने मंथन किया। शनिवार को देर शाम मुख्यमंत्री आवास पर हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में भी इस पर चर्चा की गई। दरअसल पूर्वांचल और पश्चिम के तीन ऐसे चेहरे हैं, जो अभी एमएलसी हैं। अगला चुनाव वे भाजपा के टिकट पर लड़ना चाहते हैं। मगर इनमें से एक-दो को लेकर स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सहमति नहीं बन पा रही है।
प्रदेश की तर्ज पर क्षेत्रों में भी बड़े बदलाव की तैयारी
वहीं, भाजपा प्रदेश टीम की तर्ज पर क्षेत्रीय संगठन में भी बड़े बदलाव करेगी। इसे लेकर पार्टी का प्रदेश नेतृत्व कवायद में जुटा है। संभावना जताई जा रही है कि 10 साल या दो-तीन टर्म से लगातार पदाधिकारी बनने वाले चेहरों को इस बार बाहर किया जा सकता है। पार्टी की क्षेत्रीय संगठनात्मक इकाइयों में कई चेहरे लंबे समय से हैं। इसके अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा सहित सभी मोर्चों की टीम को लेकर भी मशक्कत चल रही है। पार्टी ने क्षेत्रीय संगठन के साथ ही सभी मोर्चों के लिए भी जिला इकाइयों से नाम मांगे थे।वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह क्षेत्रों के सांगठनिक गठन को लेकर हालिया दिनों में कई दौर की बैठकें कर चुके हैं।
पार्टी में एमएलसी की छह सीटों, छह संगठनात्मक क्षेत्रों और मोर्चों की टीम बनाने के साथ ही आयोग-निगम, बोर्डों के खाली पदों को लेकर भी मंथन चल रहा है। इसके अलावा पार्टी की नई प्रदेश मीडिया टीम का भी गठन होना है। दरअसल पहले समय पूर्व चुनाव की आहट से पार्टी में संगठनात्मक गठन की प्रक्रिया तेज हो गई थी। मगर विधानसभा चुनाव अपने समय या उससे थोड़ा बाद में होने की खबरों के बीच पार्टी संगठन के काम की गति भी थोड़ी धीमी हुई है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी जल्द कुछ आयोग-निगम, बोर्डों के गठन को लेकर नामों की सूची सरकार को भेज सकती है। वहीं क्षेत्रीय टीमों में भी प्रदेश की तर्ज पर तमाम नए चेहरों की एंट्री होने की संभावना है।
कार्यक्रम और अभियानों पर भी चर्चा हुई
कोर कमेटी की बैठक में सभी छह सीटों पर चर्चा तो हुई, लेकिन नामों पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। ऐसे में बचे हुए होमवर्क के बाद दोबारा बैठने का फैसला किया गया। पार्टी 29 जुलाई से 20 फरवरी के बीच संत रविदास की 650वीं जयंती को समरसता संकल्प अभियान के रूप में मनाने जा रही है। इसे लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इसके अलावा अन्य कार्यक्रमों को लेकर भी बात होने की खबर है। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक मौजूद रहे।


