कौन है उधम सिंह? जिस पर यूपी पुलिस ने घोषित किया है 1 लाख रुपए का इनाम; STF भी कर रही तलाश

प्रमुख संवाददाता, मेरठ
Follow us on Google News
share

वेस्ट यूपी के कुख्यात उधम सिंह पर 71 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी और कातिलाना हमले समेत कई तरह के अपराध हैं। उधम सिंह को धमकी देने और रंगदारी मांगने के एक मुकदमा में सरूरपुर पुलिस ने साल 2022 में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। 26 मार्च 2026 को उधम सिंह जेल से जमानत पर छूटा था।

कौन है उधम सिंह? जिस पर यूपी पुलिस ने घोषित किया है 1 लाख रुपए का इनाम; STF भी कर रही तलाश

UP Crime News : वेस्ट यूपी के अपराध माफिया और वांटेड अपराधी उधम सिंह पर मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। 20 मई को डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी ने उधम सिंह पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। इसके बाद इनाम बढ़ाने की फाइल एडीजी कार्यालय भेजी गई थी। उधम ने फर्जी दस्तावेज बनाकर जमानत ली थी, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ सरूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में उधम सिंह की तलाश की जा रही है। दूसरी ओर, उधम सिंह की धरपकड़ के लिए स्वाट टीम और यूपी-एसटीएफ को भी लगाया गया है। सूत्रों की मानें तो उधम सिंह नेपाल फरार हो चुका है। उसकी गिरफ्तारी में काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। उधम सिंह की तलाश में दो स्वाट टीम के साथ-साथ यूपी एसटीएफ भी लगी है।

मेरठ के सरूरपुर थानाक्षेत्र के कस्बा करनावल निवासी उधम सिंह यूपी का चिन्हित अपराध माफिया है। उधम सिंह पर 71 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी और कातिलाना हमले समेत कई तरह के अपराध हैं। उधम सिंह को धमकी देने और रंगदारी मांगने के एक मुकदमा में सरूरपुर पुलिस ने वर्ष 2022 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में उधम सिंह को मेरठ जेल से उन्नाव जेल शिफ्ट कर दिया गया था। 4 साल और 8 माह जेल में रहने के बाद 26 मार्च 2026 को उधम सिंह जेल से जमानत पर छूटा था। इसके बाद से उधम सिंह अंडरग्राउंड है। पहले देहरादून, वहां से चंडीगढ़ और इसके बाद गोवा होते हुए आरोपी नेपाल फरार हो गया।

इसी दौरान पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उधम सिंह की जमानत में जिस अनवर निवासी जसड़ सरूरपुर मेरठ और बागपत के छपरौली निवासी राहुल के दस्तावेज लगाए गए थे, उन्होंने कभी जमानत नहीं ली। दोनों जमानती ने पुलिस को बताया कि उनकी बिना जानकारी के ही जमानत के दस्तावेज पर साइन कराए गए थे। ऐसे में सरूरपुर थाने में पुलिस ने उधम सिंह के दो मददगार करनावल निवासी बाबू पंडित और शेखर फोगाट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसी मुकदमे में उधम सिंह को भी आरोपी बनाया गया।

एडीजी ने भेजी थी इनाम बढ़ाने की फाइल

उधम सिंह की जमानत लेने वाले दोनों जमानती अनवर और राहुल ने 7 मई न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में अर्जी दाखिल कर जमानत वापस ले ली। वहीं, पुलिस ने 13 मई को उधम सिंह के गैर जमानती वारंट हासिल किए और 25 हजार का इनाम एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय ने उधम सिंह पर किया था। 15 मई को उधम सिंह की गोवा और नेपाल की कुछ वीडियो वायरल हुई, जिसमें वह बीयर खरीदते, डिस्को में ठुमके लगाते और घूमते दिख रहा था। 20 मई 2026 को डीआईजी मेरठ ने उधम सिंह पर 50 हजार का इनाम कर दिया था। साथ ही एक लाख रुपये इनाम करने की फाइल बनाकर एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर के कार्यालय भेजी थी। एडीजी भानु भास्कर ने शुक्रवार को उधम सिंह पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया।

दो लाख का इनाम हो सकता है घोषित

एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने उधम सिंह पर एक लाख का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं, दूसरी ओर आरोपी उधम सिंह हाथ नहीं आया तो इनाम बढ़ाकर दो लाख रुपये करने की फाइल बनाई जाएगी, जिसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। गिरफ्तारी नहीं होगी तो दो लाख का इनाम भी जल्द हो सकता है।

दो स्वाट टीम और यूपी एसटीएफ लगी पीछे

उधम सिंह पर इनाम एक लाख रुपये होते ही दो स्वाट टीम और यूपी-एसटीएफ भी उधम सिंह के पीछे लग गई है। फिलहाल उधम सिंह की लोकेशन खंगाली जा रही है। सूत्रों की मानें तो आरोपी नेपाल फरार हो गया था। हालांकि पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही। वहीं, कुछ जानकारों की मानें तो उधम ने 50 हजार इनाम होते ही नेपाल भी छोड़ दिया है और कहीं ओर ठिकाना बना लिया है। मोबाइल नंबर बंद कर दिया है और तमाम जानकार लोगों से संपर्क खत्म कर दिया है।

उधम सिंह की डिस्को में लगाए ठुमके लगाने की वीडियो हुई थी वायरल

उधम सिंह जमानत पर छूटने के बाद पहले चंडीगढ़ और वहां से गोवा पहुंचा था। उधम सिंह की सोशल मीडिया पर बियर खरीदने, कसीनो में जाने और डिस्को में थिरकने की कई वीडियो वायरल हुई है। इन वीडियो को लेकर मेरठ पुलिस ने जांच कर रही थी और वीडियो सही बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वीडियो में दिखाई देने वाला आरोपी व्यक्ति उधम सिंह की है।

क्या बोली पुलिस

एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने कहा कि उधम सिंह घोषित अपराध माफिया और यूपी पुलिस का वांटेड अपराधी है। पूर्व में आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम कराया गया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। उधम सिंह पर अब इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।