कौन है मौलाना जर्सिस अंसारी? जिसने श्रीकृष्ण को पांच वक्त का नमाजी बताया
लखनऊ में भगवान श्रीकृष्ण पर विवादित टिप्पणी को लेकर मौलाना जर्सिस अंसारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के कार्यकर्ता हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भगवान श्रीकृष्ण को पांच वक्त का नमाजी बताने वाले इटावा के मौलाना जर्सिस अंसारी के खिलाफ हिंदूवादी संगठन सड़क पर उतरे। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के कार्यकर्ता प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए लखनूऊ की हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। मौलाना के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी, नितिन चतुर्वेदी, सुमित कश्यप, मनू समेत अन्य पदाधिकारी मौलाना की फोटो कुचलते हुए हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। शिशिर चतुर्वेदी ने इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को मौलाना के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। शिशिर के मुताबिक मौलाना जर्सिस अंसारी मूल रूप से इटावा का रहने वाला है। विगत दिनों झारखंड में एक कार्यक्रम के दौरान के दौरान मौलाना ने भगवान श्रीकृष्ण को पक्का मुसलमान पांच वक्त का नमाजी बताते हुए टिप्पणी की थी।
कौन है मौलाना जर्जिस अंसारी?
इटावा मूल निवासी मौलाना जर्जिस अंसारी एक इस्लामिक वक्ता के तौर में धार्मिक तकरीरें देने के लिए जाने जाता है। वर्ष 2022 में वाराणसी की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने एक महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धमकी देने के मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी। बाद में मौलाना ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी, जहां से उन्हें राहत मिल गई। जर्जिस अंसारी इससे पहले भी अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। महिलाओं, अनुसूचित जाति और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए उनके बयानों की व्यापक आलोचना हुई थी।
मौलाना का विवादित बयानों से पुराना नाता
उन्होंने एक बयान में उत्तर प्रदेश को मुस्लिमों के लिए असुरक्षित भी बताया था, जिसके बाद उनके खिलाफ विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। इन विवादों के बीच मौलाना जर्जिस अंसारी का कहना है कि उनका उद्देश्य लोगों को इस्लाम के गुणों और मुसलमानों को इस्लाम की सही शिक्षा से अवगत कराना है। उनके अनुसार, धार्मिक बातों को सरल और समझने योग्य बनाने के लिए कई बार जमीनी उदाहरणों का सहारा लेना पड़ता।
मौलाना के वायरल वीडियो पर बवाल
मौलाना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वो कह रहे हैं कि 'हमारे भाई, अगर बुरा न मानें, तो कृष्ण जी भी पांचों वक्त की नमाज पढ़ा करते थे। यकीन न आए तो श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय का 10वां श्लोक देख लीजिए… जिसमें कृष्ण जी अर्जुन से कह रहे हैं कि हे अर्जुन, ईश्वर की पूजा करो तो पूरे शरीर का योग करो। योगी… उत्तर प्रदेश वाले नहीं. पूरे शरीर का योग करो, यानी पूजा सिर्फ खड़े होकर नहीं, बल्कि पूरे शरीर के साथ होनी चाहिए। आरोप है कि मौलाना ने सनातन का अपमान करने के उद्देश्य से साजिश के तहत किया है।


