चाइनीज मांझे पर लगाम कब? लखनऊ में फिर कटी युवक की गर्दन, 6 टांके लगे

हिन्दुस्तान, संवाददाता, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ के कैंट इलाके में चाइनीज मांझे से बाइक सवार ध्रुव नारायण पांडेय की गर्दन कट गई और वह घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां छह टांके लगे। शहर में मांझे से हादसे बढ़ रहे हैं, बावजूद इसके प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर रोक पूरी तरह लागू नहीं हो पा रही है।

चाइनीज मांझे पर लगाम कब? लखनऊ में फिर कटी युवक की गर्दन, 6 टांके लगे

लखनऊ के कैंट इलाके में शुक्रवार को चाइनीज मांझे से एक और खतरनाक हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, इंदिरानगर निवासी ध्रुव नारायण पांडेय शुक्रवार दोपहर अपने दोस्त के साथ बाइक से बंगला बाजार गए थे। शाम को दोनों वापस घर लौट रहे थे। कैंट क्षेत्र में पहुंचते ही अचानक सड़क पर उड़ रहा धारदार चाइनीज मांझा ध्रुव के गले में फंस गया। तेज रफ्तार में चल रही बाइक पर सवार ध्रुव कुछ समझ पाते, उससे पहले मांझे की धार ने उनकी गर्दन को काट दिया। अचानक हुए इस हादसे से ध्रुव का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में पीछे बैठा उनका दोस्त भी घायल हो गया।

ध्रुव के गले से तेजी से खून बहता देख उनका दोस्त घबरा गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने ध्रुव की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया और उनकी गर्दन में छह टांके लगाए। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से बड़ी दुर्घटना टल गई, क्योंकि चोट गले के संवेदनशील हिस्से पर लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद परिवार के लोग ध्रुव को घर ले गए।

कैंट इंस्पेक्टर गुरप्रीत कौर ने बताया कि फिलहाल इस मामले में थाने पर कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। अगर पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलती है तो पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। शहर में चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले 11 दिसंबर को बाइक से घर जा रहे एक युवक की गर्दन मांझे से कट गई थी, जिसमें डॉक्टरों को सात टांके लगाने पड़े थे।

वहीं चौपटिया निवासी नजम खान, व्यापार मंडल कार्यालय सचिव विमलेश तिवारी और एक पूर्व फौजी भी मांझे से घायल हो चुके हैं। सबसे गंभीर घटना चार फरवरी को हुई थी, जब एमआर मोहम्मद शोएब की गर्दन मांझे से कटने के कारण मौत हो गई थी।

आपको बता दें चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं और मौतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सीएम ने कहा है कि यदि चाइनीज मांझे से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो ऐसे मामलों को गंभीर अपराध मानते हुए हत्या या गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रदेशभर में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।