मंत्री ने कराई FIR तो पति ने किया पलटवार, कहा-भ्रष्टाचार से कमाए 210 करोड़; जांच हो
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ गिरधारी के बीच झगड़ा चरम पर है। शुक्रवार को पप्पू गिरधारी ने फेसबुक लाइव करके मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्री ने 210 करोड़ रुपए की संपत्ति बनाई है। इसकी जांच होनी चाहिए।

बरेली, मुख्य संवाददाता। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी पर मुकदमा दर्ज कराने के बाद आरोप-प्रत्यारोप की जंग खुलकर सामने आने लगी हैं। पप्पू गिरधारी ने फेसबुक पर लाइव आकर तीन वीडियो वायरल कर मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए 210 करोड़ की संपत्ति बनाने और उसकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि वह जल्दी ही उत्तराखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री का पूरा काला चिट्ठा खोलेंगे।
फेसबुक लाइव पर ये तीनों वीडियो कार में बैठकर बनाए गए हैं। वीडियो में पप्पू गिरधारी ने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए अपनी पत्नी उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को लोगों के उकसावे में आकर घर न बिगाड़ने की सलाह देते हुए उन पर तमाम गंभीर आरोप भी लगाए। गिरधारी ने कहा कि रेखा आर्या के विभागों में पिछले दस साल से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। इसको लेकर उन्होंने कई बार रेखा आर्या से आपत्ति जताई तो दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होंने कहा कि बरेली में उनका प्रॉपर्टी का बड़ा कारोबार है, भगवान ने सबकुछ दिया है, किसी गलत तरीके से पैसे कमाने की जरूरत नहीं है। इस संबंध में उन्होंने उत्तराखंड के सीएम से भी शिकायत की। गिरधारी का आरोप है कि रेखा आर्या ने करीब 210 रुपए करोड़ की अवैध संपत्ति बनाई है, उत्तराखंड में प्रेसवार्ता कर वह इसका खुलासा करेंगे।
पूरा होमवर्क करके सोशल मीडिया पर आए गिरधारी लाल
22 साल पहले विवाह के पवित्र बंधन में बंधे रियल एस्टेट कारोबारी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू भाई और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के रिश्ते में इतनी कड़वाहट भर जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था। रेखा ने गुरुवार साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने साहू पर हत्या की साजिश रचने, दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध और फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनियों से हटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। तो शुक्रवार पूरे होमवर्क के साथ सोशल मीडिया पर आए साहू ने भी अपने तीन अलग अलग वीडियो के जरिए रेखा को अपनी तहरीर वापस लेने के लिए मनुहार की तो भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कई चेतावनियां भी दी। बीते रोज आर्या के वीडियो में जहां साहू के प्रति कड़वाहट नजर आई थी, आज साहू के वीडियो में भी दोनों के बीच वही कसैलापन भरा हुआ है। दोनों के 8140 दिन के वैवाहिक जीवन की इस परिणिति को देख सभी हैरान हैं।
जांच को एसआईटी गठित जया बलोनी को जिम्मेदारी
मंत्री रेखा आर्या के उत्पीड़न मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी गई है। एसआईटी में सीओ सहसपुर अनुज कुमार और शहर कोतवाल केसी भट्ट समेत नौ लोगों को शामिल है। एसपी बलोनी ने बताया कि एसआईटी जल्द केस से जुड़े दस्तावेज हासिल कर जांच शुरू करेगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार देर शाम कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी निवासी बरेली, यूपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। गुरुवार देर शाम केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस शुक्रवार को भी मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज नहीं कर पाई।

