
डॉगी ने दिए पिल्ले तो मालिक ने पूरे गांव को दी बारहों संस्कार की दावत, महिलाओं ने गाए सोहर
यूपी के हमीरपुर में पालतू डॉगी के पिल्लों के जन्म पर मालिक ने एक अनोखी रस्म निभाई। मालिक ने बारहों संस्कार कर पूरे गांव और रिश्तेदारों को दावत दी। इस दौरान महिलाओं ने सोहर गीत भी गया। वहीं, यह अनोखी दावत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यूपी के हमीरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पालतू डॉगी ने पांच पिल्लों को जन्म दिया तो उसके मालिक ने पिल्लों का भी बरहों संस्कार कराया। बाकायदा पूरे गांव और रिश्तेदारों को दावत दी। धूमधाम से लोग दावत में शरीक हुए। शुक्रवार की रात विदोखर पुरई गांव में यह दावत हुई।
गांव के रामबाबू सोनी ने अपनी पालतू डॉगी श्रीदेवी के बच्चे जन्मने की खुशी में धूमधाम से बारहों संस्कार का आयोजन किया और आस-पड़ोस व रिश्तेदारों की जमकर मेहमाननवाजी की। रामबाबू की पालतू डॉगी श्रीदेवी ने 12 दिन पहले पांच पिल्लों को जन्म दिया था। शुक्रवार की शाम बारहों संस्कार की दावत दी। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों के साथ बारहों संस्कार की रस्में पूरी की गईं। मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाते हुए ढोल-बाजे की थाप पर जमकर थिरककर माहौल को उत्साह से भर दिया।
मेहमानों के लिए चाय-नाश्ते के साथ स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसका लोगों ने आनंद लिया। रामबाबू ने मेहमाननवाजी में कोई कमी नहीं छोड़ी। पालतू डॉगी के बच्चों के जन्म पर इस तरह किया गया बारहों संस्कार पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मालिक की मौत के गम में भटका ‘चोकी’, 10 महीने बाद मिला
उधर, गोरखपुर के पिपराइच पालतू कुत्ते चोकी की कहानी अलग और हैरतअंगेज है। आशीष के पिता की अचानक मौत होके बाद चोकी भी घर से गायब हो गया। परिजनों ने दो महीने तक उसकी तलाश की पर कोई सफलता नहीं मिली। लेकिन दस महीने बाद घर से 20 किलोमीटर दूर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पत्नी सोना देवी की डिलीवरी कराने आए आशीष वर्मा के सामने अचानक चोकी आ गया। कुत्ते ने मालिक को पहचान लिया और दुम हिलाते हुए उनके करीब आ गया। चोकी के मिलने से परिवार में दोहरी खुशी है क्योंकि आशीष को पालतू चोकी मिलने के साथ ही उनकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया है।





