रागिनी सोनकर ने भाजपा के 16000 करोड़ के फंड पर पूछा; योगी के मंत्री रील का किस्सा सुनाने लगे

Feb 12, 2026 06:51 pm ISTPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

यूपी विधानसभा में उस समय माहौल गरमा गया जब सपा विधायक रागिनी सोनकर ने मंत्री नंदी से निवेश और डिफेंस कॉरिडोर को लेकर तीखे सवाल पूछे। लेकिन योगी के मंत्री ने जवाब देने के बजाय उनके सवाल पढ़ने और सपा सरकार की बातें करने लगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरुवार का दिन हंगामे भरा रहा। दरअसल, सदन में उस समय माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक रागिनी सोनकर ने मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' से निवेश और डिफेंस कॉरिडोर को लेकर तीखे सवाल पूछे। वहीं, योगी के मंत्री ने जवाब देने के बजाय उनके सवाल पढ़ने लगे और सपा सरकार की बातें करने लगे। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। इस हंगामे का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, विधानसभा में रागिनी सोनकर ने पहला सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए, लेकिन धरातल पर सिर्फ 9 प्रतिशत ही परियोजनाएं क्यों दिख रही हैं? दूसरा सवाल डिफेंस कॉरिडोर को लेकर था। उन्होंने पूछा कि चित्रकूट, झांसी, अलीगढ़ और आगरा जैसे जिलों में अब तक प्रगति शून्य क्यों है। तीसरे सवाल में उन्होंने भाजपा के फंड को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में पार्टी के खाते में 800 करोड़ रुपये थे, जो अब 16 हजार करोड़ रुपये कैसे हो गए, जबकि अर्थव्यवस्था कमजोर बताई जा रही है।

जवाब देने की बजाय रील, फेसबुक का जिक्र करने लगे मंत्री

रागिनी के सवालों के जवाब में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता खड़े हुए और उनके सवालों को पढ़ने लगे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें टोका। इसके बाद मंत्री विपक्ष पर निशाना साधते हुए सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करने लगे। बहस के दौरान मंत्री रागिनी सोनकर की सोशल मीडिया गतिविधियों, इंस्टाग्राम और फेसबुक रील तक का उल्लेख करने लगे, जिससे विपक्ष ने आपत्ति जताई।

वित्त मंत्री को बीच में देना पड़ा दखल

सदन में बढ़ते शोर-शराबे के बीच स्थिति संभालने के लिए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद कार्यवाही आगे बढ़ सकी। इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर सदन में पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक सामने आ गई। वहीं, इस बयान का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विधानसभा में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सपा का बहिष्कार

विधानसभा में समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था और सरकार द्वारा दिए गए जवाब से असंतुष्ट होकर सदन का बर्हिगमन किया। सपा सदस्यों ने कहा कि कार्यस्थगन प्रस्ताव के तहत प्रयागराज में बच्चों की मौत और मेरठ में मां की हत्या और बेटी को अगवा करने के मामले में सरकार से जवाब मांगा है, लेकिन सही जवाब न देकर एनसीआरबी के आंकड़े गिनाए जाने से असंतुष्ट सपा सदस्यों ने इसका विरोध किया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।