दरोगा अजय कुमार गौड़ के साथ आखिर हुआ क्या? सरयू में लाश मिलने के बाद मौत के खुलासे की चुनौती

Feb 09, 2026 08:40 am ISTAjay Singh संवाददाता, बस्ती
share Share
Follow Us on

लापता दरोगा की तलाश के लिए एसओ परसरामपुर, एसओजी, स्वॉट समेत पांच टीमें लगी थीं। लेकिन किसी को इस बात की भनक तक नहीं लग सकी कि दरोगा कुआनो नदी में नहीं कूदे, बल्कि उनके साथ कुछ और ही हुआ है। दरोगा ने आत्महत्या की है या फिर उनके साथ कोई अनहोनी हुई, इसका खुलासा करना अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

दरोगा अजय कुमार गौड़ के साथ आखिर हुआ क्या? सरयू में लाश मिलने के बाद मौत के खुलासे की चुनौती

उत्तर प्रदेश के बस्ती से लापता दरोगा अजय कुमार गौड़ का शव अयोध्या में सरयू नदी से मिला है। उनके साथ आखिर हुआ क्या? अभी तक उनके कुआनो नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन अब उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। पुलिस के सामने इसका जल्द से जल्द खुलासा करने की चुनौती है। परसरामपुर थाने के थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के अवकाश पर जाने के बाद थाने के एसएसआई अजय कुमार गौड़ को थाने का प्रभार सौंपा गया था। गुरुवार को ही थाने से निकलने के बाद से उनका कुछ पता नहीं चल सका। निजी मोबाइल फोन और थाने का सीयूजी नंबर, दोनों ही बंद मिले थे।

एसपी यशवीर सिंह के निर्देश पर लापता दरोगा की तलाश के लिए एसओ परसरामपुर, एसओजी, स्वॉट समेत पांच टीमें लगी थीं। लेकिन किसी को इस बात की भनक तक नहीं लग सकी कि दरोगा कुआनो नदी में नहीं कूदे, बल्कि उनके साथ कुछ और ही हुआ है। उन्होंने नदी में कूद कर आत्महत्या की है या फिर उनके साथ कोई अनहोनी हुई, इसका खुलासा करना अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

परसरामपुर थाने से निकलने के बाद से ही उनका प्राइवेट व सीयूजी मोबाइल बंद हो गया था। रविवार को अयोध्या में उनका शव मिलने के बाद भी दोनों फोन बरामद नहीं हुआ है। दूसरी तरफ सवाल यह भी उठता है कि अगर दरोगा की बाइक अमहट घाट बस्ती पर खड़ी मिली तो दरोगा अयोध्या या फिर कहीं और कैसे गए। मोबाइल लोकेशन से पुलिस के हाथ कोई खास जानकारी नहीं लग सकी थी। पुलिस अब कॉल डिटेल की मदद से भी गुरुवार को हुए घटनाक्रम की असलियत जानने में जुट गई है। उनकी कब-कब किससे बात हुई और किस संदर्भ में। इसका भी पूरा ब्योरा खंगालना शुरू कर दिया गया है। उनकी पत्नी ने भी दुबौलिया में तैनाती के दौरान एक मुकदमे को लेकर उन्हें धमकी मिलने की बात कही थी। लिहाजा अब पुलिस ऐसे मुकदमे व उससे जुड़े तथ्यों की भी जांच करने की तैयारी में है।

लापता दरोगा के पिता ने जताई थी अपहरण की आशंका

दरोगा अजय कुमार गौड़ के पैतृक आवास देवरिया के मूडाडीह गांव में शव मिलने की सूचना से मातम पसर गया। उनके पिता रामचंद्र ने पूर्व में ही बेटे के लापता होने पर अपहरण की आशंका जताई थी और पुलिस प्रशासन से बेटे को जल्द तलाशने की मांग की थी। मूडाडीह गांव के रहने वाले रामचंद्र के द्वितीय पुत्र अजय कुमार शुरू से ही होनहार थे। 2016 में उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा बने और उनकी वर्तमान तैनाती बस्ती जिले में थी। पिता रामचंद्र ने बताया था कि बेटा ईमानदारी पूर्वक नौकरी करता था।

सुबह पत्नी रंजिता से उनकी बात हुई थी, पत्नी बस्ती में दोनों बच्चों के साथ रहती थी। शाम को फालोवर से भोजन नहीं बनाने की बात कहते हुए गए और बताया कि किसी साथी के यहां शाम को भोजन करेंगे। इसके बाद वह बाइक से ही निकले थे। तभी से लापता थे। उन्हें आशंका थी कि किसी अपराधी ने उनके बेटे का अपहरण कर लिया है। रामचंद्र के तीन बेटे व एक बेटी हैं। सबसे बड़े बेटे दिलीप कुमार हैं जो हेल्थ सुपरवाइजर हैं, दूसरे नंबर के अजय कुमार थे। जबकि सबसे छोटे बेटे अरुण कुमार हैं, जो वर्तमान में झांसी में एडीएम हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |