वेस्ट यूपी को आज मिलेगा चौथा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड को एक साथ साधेंगे पीएम मोदी

Apr 14, 2026 10:33 am ISTAjay Singh मुख्य संवाददाता, मेरठ/ सहारनपुर
share

वेस्ट यूपी को मिलने जा रहा यह चौथा एक्सप्रेसवे न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों के आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आयाम भी बनेंगा। वेस्ट यूपी अब देश के सबसे आधुनिक सड़क नेटवर्क वाले क्षेत्रों में शुमार हो गया है। इससे किसानों को भी बड़ा फायदा होने वाला है।

वेस्ट यूपी को आज मिलेगा चौथा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड को एक साथ साधेंगे पीएम मोदी

UP News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए 14 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के मामले में वेस्ट यूपी एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। ईस्टर्न पेरिफेरल, यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की सफलता के बाद, अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का विधिवत उद्घाटन होने जा रहा है। जिससे दिल्ली से उत्तराखंड की दूरी मात्र 2.5 घंटे रह जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। आंबेडकर जयंती पर आयोजित किये गए इस खास कार्यक्रम से पीएम मोदी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को एक साथ साधते नजर आएंगे। राजनीति के जानकारों का कहना है कि मोदी-योगी और धामी का यह साझा आयोजन 2027 का शंखनाद भी है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि पश्चिम उत्तर प्रदेश बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों के आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश अब देश के सबसे आधुनिक सड़क नेटवर्क वाले क्षेत्रों में शुमार हो गया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से वेस्ट यूपी के किसान अपनी उपज को कम समय में बड़ी मंडियों तक पहुंचा सकेंगे।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

सहारनपुर में 45 मिनट रहेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल मंगलवार को सहारनपुर में सीमित समय के लिए रहेंगे। प्रधानमंत्री का सहारनपुर प्रवास लगभग 45 मिनट का रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 10:25 बजे देहरादून एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होंगे और 10:50 बजे गणेशपुर हेलीपैड, सहारनपुर पहुंचेंगे। यहां से वे 10:55 बजे सड़क मार्ग से आगे बढ़ेंगे। इसके बाद 11:10 बजे वे हाईवे के एलिवेटेड सेक्शन स्थित व्यू प्वाइंट पर पहुंचेंगे, जहां 11:15 से 11:25 बजे तक वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का अवलोकन करेंगे। इसके बाद 11:30 बजे वे व्यू प्वाइंट से प्रस्थान कर 11:35 बजे मां दात काली मंदिर, देहरादून पहुंच जाएंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे देहरादून में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का सहारनपुर प्रवास बेहद संक्षिप्त लेकिन हाई-प्रोफाइल रहेगा, जिसमें एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का अवलोकन प्रमुख आकर्षण रहेगा।

वेस्ट यूपी में ऐसे बिछ रहा एक्सप्रेसवे का जाल

गंगा एक्सप्रेसवे (जल्द होगा शुरू) :

मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले इस महा-प्रोजेक्ट का काम लगभग 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि अगले महीने (मई-जून 2026) में इस पर भी वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे : दिल्ली के बाहर-बाहर कुंडली से गाजियाबाद और पलवल तक का सफर सुगम बनाया। 27 मई 2018 को बागपत में उद्घाटन किया गया था।

यमुना एक्सप्रेसवे : यमुना एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 9 अगस्त 2012 को हुआ था। यह 165.5 किमी लंबा 6-लेन एक्सप्रेसवे है जो ग्रेटर नोएडा को आगरा से जोड़ता है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे : 14-लेन वाला एक्सप्रेसवे दिल्ली से मेरठ तक के सफर को तेज और आरामदायक बनाता है। इसके बाद, पूरा एक्सप्रेसवे 1 अप्रैल 2021 को जनता के लिए पूरी तरह से चालू कर दिया गया था।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।