शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या की जांच में यूपी पहुंची पश्चिम बंगाल एसआईटी, कार नंबर प्लेट ने उलझाया
पश्चिम बंगाल में भाजपा के मुख्यमंत्री बनने वाले शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच के सिलसिले में पश्चिम बंगाल पुलिस की एसआईटी उत्तर प्रदेश आई थी और कई लोगों से पूछताछ की।

पश्चिम बंगाल में भाजपा के मुख्यमंत्री बनने वाले शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच के सिलसिले में पश्चिम बंगाल पुलिस की एसआईटी उत्तर प्रदेश आई थी और कई लोगों से पूछताछ की। यूपी के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि जांच में अब तक कोई ठोस कनेक्शन सामने नहीं आया है। राजीव कृष्ण ने कहा कि जांच के लिए पश्चिम बंगाल की टीम उत्तर प्रदेश आई थी, लेकिन अब तक ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है, जो सीधे इस हत्याकांड से जुड़ता हो।
सूत्रों के अनुसार, मामला उस समय उत्तर प्रदेश से जुड़ा जब पुलिस को पता चला कि चंद्रनाथ रथ की कार को रोकने के लिए इस्तेमाल वाहन पर लगी नंबर प्लेट सिलिगुड़ी निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर पंजीकृत थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जेम्स विलियम्स ने अपनी निसान कार बिक्री के लिए ऑनलाइन विज्ञापन दिया था। इस दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों ने वाहन खरीदने के लिए उससे संपर्क किया था। इसी आधार पर पश्चिम बंगाल एसआईटी उत्तर प्रदेश पहुंची और संबंधित लोगों से पूछताछ की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही थीं कि कहीं वाहन के पंजीकरण विवरण का दुरुपयोग कर हत्या में इस्तेमाल वाहन पर फर्जी या क्लोन नंबर प्लेट तो नहीं लगाई गई थी।
कार के नंबर प्लेट और यूपी से कार खरीदने को लेकर हुई कॉल के कारण यूपी से इस हत्याकांड के तार जोड़े जा रहे हैं। हालांकि पुलिस और एसआईटी इस मामले में अभी जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने संदिग्ध संपर्कों से जुड़े कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की। हालांकि अब तक किसी व्यक्ति की प्रत्यक्ष संलिप्तता की पुष्टि नहीं हो सकी है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस को संदेह है कि हत्या की वारदात एक संगठित गिरोह ने अंजाम दी, जिसमें करीब आठ लोग शामिल थे। इनमें दो शार्प शूटर भी बताए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने सूचना साझा करने के लिए एक वाट्सऐप ग्रुप भी बनाया था। अंतरराज्यीय कनेक्शन की आशंका के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने सीमावर्ती जिलों को अलर्ट कर ट्रांजिट प्वाइंट्स पर निगरानी बढ़ा दी है। कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही खंगाली जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि हत्या की वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और इसमें कई स्थानों पर समन्वय की गतिविधियां शामिल थीं।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

