शादी बन गई जंग का मैदान; खाने की प्लेटों को लेकर भिड़े बाराती, जमकर चले लात-घूंसे और डंडे
संभल में एक शादी में खाने की प्लेटों को लेकर बाराती भिड़ गए। इस दौरान दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में करीब 18 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष पुलिस चौकी तक पहुंच गए और वहां भी एक-दूसरे से भिड़ गए।

संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव दबोई खुर्द में शादी समारोह जंग का मैदान बन गया। जब रविवार रात आई बारात में खाना खाने के दौरान खाने के प्लेटों को लेकर बारात पक्ष के ही दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। लोगों ने मारपीट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जिसमें खून से लथपथ लोग साफ नजर आ रहे हैं। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने सात लोगों का मेडिकल कराया है। हालांकि उधर इसी घटना के 16 घायल सोमवार को जिला अस्पताल मुरादाबाद पहुंच कर उपचार कराए। सोमवार देर शाम तक दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चलता रहा।
शादी में खाने की प्लेटों पर भिड़े बाराती
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव बाखरपुर अटान निवासी रविंद्र पुत्र चंद्रपाल की शादी संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव दबोई खुर्द निवासी राजपाल सिंह की बेटी सविता से तय थी। रविवार को सविता की बारात आई और शादी की रश्में भी हुई। बताया जा रहा है कि बारात में दूल्हे के परचित जिला पंचायत सदस्य गजराम भी अपने भाईयों और पिता के साथ शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इसी शादी में मझोला थाना क्षेत्र के गांव खदाना और शाहपुर के भी अरविंद, सुनील, सचिन, दलवीर आदि पहुंचे थे। बारात में रविवार रात जयमाला के बाद जब बाराती भोजन कर रहे थे, तभी दूल्हा पक्ष के गजराम और खदाना वाले लोगों में खाने की प्लेट को लेकर कहासुनी हो गई।
बारातियों के बीच चले लात-घूंसे और पत्थरबाजी
हालांकि बताया जा रहा है कि इन लोगों में पहले से ही किसी बात की रंजिश चल रही थी। खाने की प्लेट से शुरू हुई कहासुनी थोड़ी देर में ही मारपीट, पत्थरबाजी में बदल गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को लातघूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस मारपीट के घायल सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल मुरादाबाद पहुंच गए। यहां दोनों पक्ष के घायलों के साथ ही उनके परिवार के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे, जिससे इमरजेंसी वार्ड के बाहर भीड़ लगी रही।
बवाल के बाद दोनों पक्षों में हुआ समझौता
हालांकि पुलिस के अनुसार घायलों में से केवल गजराम, राजू, करन, पप्पू उर्फ प्रकाश, सोनम, अक्षय व शिवकुमार को भर्ती कराया गया है, जो एक ही पक्ष के हैं। उधर मारपीट के घटना की कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस संबंध में असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि बरात में झगड़े की सूचना मिली थी। जिसकी जांच की जा रही थी, लेकिन देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
बवाल के दौरान जान बचाने के लिए पुलिस चौकी में घुसे
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान कुछ लोग जान बचाने के लिए मनौटा पुलिस चौकी के अंदर घुस गए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद ही दूसरे पक्ष के लोग गाड़ियों में सवार होकर पुलिस चौकी पर पहुंच गए और चौकी के बाहर खड़ी महिलाओं के साथ मारपीट करने लगे। उस समय चौकी पर केवल एक सिपाही मौजूद था, जिसने स्थिति संभालने का प्रयास किया।
पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू
लेकिन मारपीट करने वाले उसी सिपाही का डंडा छीन कर एक दूसरे को पीटने लगे। सूचना पर यूपी डायल 112 पीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंची, लेकिन बाद में लौट गई। सूचना मिलते ही असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


