मामा की बारात में आया था भांजा, ट्रक ने कुचला; गुस्साए बारातियों ने थाने में सिपाहियों को बाल पकड़कर पीटा

Pawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

हमीरपुर में मामा की बारात में आए भांजे की गेस्ट हाउस के बाहर ट्रक से कुचलकर मौत होने से गुस्साए बारातियों ने थाने के अंदर घुसकर जमकर उपद्रव किया। हेड मुहर्रिर और कांस्टेबल के बाल पकड़ उन्हे पीट दिया। वहीं, इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

मामा की बारात में आया था भांजा, ट्रक ने कुचला; गुस्साए बारातियों ने थाने में सिपाहियों को बाल पकड़कर पीटा

UP News: यूपी के हमीरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां मामा की बारात में आए भांजे की गेस्ट हाउस के बाहर ट्रक से कुचलकर मौत होने से गुस्साए बारातियों ने मुस्करा थाने के अंदर घुसकर जमकर उपद्रव किया। दरअसल, हादसे के बाद ट्रक चालक थाने में घुस गया था। उसी को पकड़ने के लिए बाराती भी थाने पहुंचे और बंद कमरे का दरवाजा तोड़ने लगे। पुलिसकर्मियों ने रोका तो लोग आक्रोशित हो उठे।

हेड मुहर्रिर और कांस्टेबल के बाल पकड़ उन्हे पीटना शुरू कर दिया। थाने में बंद अन्य आरोपितों को भी पीटा। सूचना पर पहुंची अतिरिक्त फोर्स ने हल्का बल प्रयोग करते हुए स्थिति संभाली। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। थाने में बारातियों के हंगामे और पिटाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि किसी भी वीडियो की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है।

बुधवार की रात जालौन जिले के चंदरसी गांव के दीपक राजपूत की बारात मुस्करा कस्बे में एक गेस्ट हाउस में आई थी। द्वारचार और जयमाल कार्यक्रम निपटने के बाद तड़के तीन बजे के आसपास कुछ बाराती घर जाने की तैयारी में थे। दूल्हे का 10 वर्षीय भांजा उरई निवासी अनिकेत पुत्र राजकुमार भी गेस्ट हाउस से निकलकर सड़क किनारे आकर खड़ा हो गया। तभी वहां से निकले ट्रक ने अनिकेत को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई और चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित बाराती ट्रक का पीछा करने लगे। थाना मुस्करा के पास चालक ट्रक से कूदकर थाने के अंदर घुस गया। तब तक आक्रोशित बारातियों ने ट्रक के खलासी को दबोच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की और मौके पर पहुंची यूपी 112 पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

इसके बाद बाराती थाने के अंदर घुस गए और चालक को खोजने लगे। थाने के बंद कमरे का दरवाजे को तोड़ने की कोशिश करने लगे। हेड मुहर्रिर दिनेश कुमार ने जैसे ही दरवाजा खोला उसे दबोच लिया। बाल पकड़कर उसे पीटने लगे। बीचबचाव को पहुंचे कांस्टेबल को भी पीटा गया। कई अन्य लोग किन्हीं मामलों में थाने में मौजूद थे, उनके साथ भी मारपीट की गई। बाराती ट्रक चालक को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। बवाल बढ़ता देख राठ, बिवांर समेत मुस्करा पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक बारातियों ने शव के साथ कस्बे के मुख्य मार्ग में राठ-हमीरपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। इस जाम में सैकड़ों की संख्या में वाहन फंस गए। यहां पर वीडियो बना रहे एक युवक के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया।

सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। इस पर कुछ महिलाओं ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एएसपी एके वर्मा ने बताया कि बवाल के दो अलग-अलग मुकदमे लिखे गए हैं। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य दोषियों को चिन्हित किया जा रहा है। जिनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।