UP Weather: 22 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम, बारिश और कड़ाके की ठंड की होगी वापसी
पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हवा के बदले रुख से शनिवार को मेरठ सहित पश्चिमी यूपी में शीतलहर पर ब्रेक लग गया। लगातार तीन विक्षोभ के चलते एक हफ्ते तक शीतलहर की उम्मीद नहीं है। वहीं, 23 से बूंदाबांदी का अनुमान है।

पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हवा के बदले रुख से शनिवार को मेरठ सहित पश्चिमी यूपी में शीतलहर पर ब्रेक लग गया। लगातार तीन विक्षोभ के चलते एक हफ्ते तक शीतलहर की उम्मीद नहीं है। इससे सर्दी से राहत मिलेगी, लेकिन कल तक कुछ हिस्सों में मध्यम से अत्यधिक घना कोहरा जारी रहने के आसार हैं। दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी से सर्द दिन की स्थितियां भी थम गई हैं। शनिवार सुबह घने कोहरे के बाद दिन में धूप निकली और सर्द हवा नहीं होने से पारा 6.9 डिग्री सेल्सियस उछल गया। वहीं, 23 से बूंदाबांदी का अनुमान है।
शुक्रवार शाम से बेहद घने कोहरे की चादर में लिपटे मेरठ में शनिवार सुबह भी कोहरे के साथ हुई, लेकिन दस बजे के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। सर्द हवा पर ब्रेक लग गया और धूप निकल आई। बर्फीली हवाओं की गैर मौजूदगी में दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि हुई और यह कुछ ही घंटे में 6.9 डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया। शुक्रवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शनिवार को यह 20.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रात में तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिन के तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम जबकि रात में 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मेरठ का एक्यूआई 209 दर्ज हुआ।
23 को बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ का असर है जिसकी वजह से धूप निकल रही है लेकिन पहाड़ों से हो कर आ रही उत्तर पश्चिमी हवा से गलन बनी हुई है। यह स्थिति 22 तारीख तक बनी रह सकती है। इसके बाद एक ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। ऐसे में 23 तारीख को लखनऊ में भी बूंदाबांदी या हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।
बारिश के बाद फिर कड़ाके की सर्दी
निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार 23-24 जनवरी के बाद जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ निष्प्रभावी होंगे, उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाएं मैदानों तक पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। सर्दी के सीजन में यह पहला मौका होगा जब पहाड़ों पर अत्यधिक बर्फबारी और बारिश के बाद मैदानों में अत्यधिक बर्फीली हवाएं पहुंचेंगी। अभी तक पहाड़ों पर बिना बर्फबारी एवं बारिश के ही बर्फीली हवाएं मैदानों को कंपा रही थी। 24 जनवरी के बाद वेस्ट यूपी एक बार फिर से शीतलहर और ठंड की चपेट में आ सकता है।
रात के तापमान में और बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं। इससे मेरठ में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिन का तापमान भी 20 से 22 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। दिन में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में आज देर रात तक छुटपुट बूंदाबांदी व हल्की बारिश के आसार हैं। 19 जनवरी तक वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। 22 जनवरी से मौसम में फिर बदलाव आएगा। 22-23 जनवरी को मेरठ सहित वेस्ट यूपी में व्यापक बारिश के आसार हैं। बारिश का सिलसिला 24 जनवरी तक जारी रह सकता है।
मुजफ्फरनगर प्रदेश में चौथा सबसे ठंडा
शुक्रवार की रात मुजफ्फरनगर में प्रदेश की चौथी सबसे ठंडी रात रही। 3.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बाराबंकी प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा। हरदोई में 3.6, बरेली में 4.2 और मुजफ्फरनगर में 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

