अतीक अहमद राष्ट्रभक्त था क्या? धुरंधर-2 देखने के बाद ASP अनुज चौधरी का आया रिएक्शन
यूपी के चर्चित पुलिस अधिकारी फिरोजाबाद के एएसपी अनुज चौधरी ने धुरंधर-2 फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने कहा कि ये फिल्म देश भक्ति का संदेश देती है। साथ ही अतीक अहमद के किरदार पर कहा कि वो क्या राष्ट्रभक्त था। फिल्म को विवाद में खींचना उचित नहीं है।

यूपी के चर्चित सुपर कॉप फिरोजाबाद के एएसपी अनुज चौधरी एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म धुरंधर 2 देखने के बाद उसमें दिखाए गए माफिया अतीक अहमद के किरदार पर खुलकर अपनी राय रखी। अनुज चौधरी ने साफ कहा कि फिल्म में अतीक अहमद को जिस रूप में दिखाया गया है, वह पूरी तरह सही है। उनके अनुसार, अतीक अहमद कोई साधारण या शरीफ व्यक्ति नहीं था, बल्कि एक कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधी था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे व्यक्ति को राष्ट्रभक्त के रूप में पेश किया जाना चाहिए? उनका कहना है कि फिल्म ने उसके वास्तविक चरित्र को सामने रखा है, इसलिए इस पर विवाद करना उचित नहीं है।
एएसपी अनुज चौधरी ने क्या कहा?
एएसपी अनुज चौधरी ने कहा कि ‘अतीक अहमद मोस्ट वांटेड अपराधी था। क्या वो कोई राष्ट्रभक्त था? फिल्म में उसका जैसा चरित्र था वैसा ही पर्दे पर उतारा गया है। ’वहीं फिल्म का विरोध करने वालों पर निशाना साधा। उन्होने कहा कि फिल्म में तथ्यों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है और इसे अनावश्यक विवाद में घसीटना ठीक नहीं है फिल्म की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि धुरंधर 2 केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को संदेश देने वाली फिल्म है। इसमें देशभक्ति, धर्म की रक्षा, संघर्ष और बलिदान जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से दिखाया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि फिल्म का विरोध करने के बजाय उसके संदेश को समझें और अधिक से अधिक लोग इसे देखें।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और लोग इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने संभल हिंसा मामले में अनुज चौधरी समेत 20 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश पर लगी अंतरिम रोक को फिलहाल जारी रखा है। इस मामले की अगली सुनवाई 21 अप्रैल को होगी। यह मामला तत्कालीन सीजेएम विभांशु सुधीर के आदेश से जुड़ा है, जिसे हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है।
कौन हैं एएसपी अनुज चौधरी
एएसपी अनुज चौधरी अपनी सख्त कार्यशैली के साथ-साथ बेबाक बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। एक ओर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए पहचान रखते हैं, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर उनके बयान अक्सर चर्चा का विषय बन जाते हैं। उनकी कार्यशैली को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनकी सराहना कर चुके हैं। हाल ही में संभल के चंदौसी सर्किल में तैनात रहे अनुज चौधरी का प्रमोशन हुआ। वो सीओ से एएसपी हो गए हैं। उन्हें फिरोजाबाद जिले में तैनाती मिली है। संभल में रहते हुए चौधरी काफी चर्चा में रहे थे। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भड़की हिंसा के बाद उनके सख्त तेवरों से उपद्रवियों में डर का माहौल था


