स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉस्टल में वॉलीबॉल खिलाड़ी की संदिग्ध हालात में मौत, फर्श पर पड़ा मिला शव

Feb 10, 2026 01:35 pm ISTPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, प्रयागराज
share

प्रयागराज के अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के छात्रावास में मंगलवार की सुबह प्रशिक्षु वालीबॉल खिलाड़ी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कर्नलगंज पुलिस ने गाजीपुर जिले के प्रत्युष राय के शव को पोस्टमार्टम को भेज कर परिजनों को सूचना दी।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉस्टल में वॉलीबॉल खिलाड़ी की संदिग्ध हालात में मौत, फर्श पर पड़ा मिला शव

यूपी के प्रयागराज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित छात्रावास में मंगलवार सुबह एक प्रशिक्षु वालीबॉल खिलाड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के रहने वाले 17 साल के प्रत्युष राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खेल जगत और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्युष राय गाजीपुर जिले के सौरी गांव निवासी अवनी राय का बेटा था। वह पिछले करीब चार वर्षों से प्रयागराज के अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के छात्रावास में रहकर वालीबॉल की ट्रेनिंग ले रहा था। प्रतिभाशाली खिलाड़ी होने के कारण वह कोच और साथियों में काफी लोकप्रिय था। बताया गया है कि बीते कुछ दिनों से उसका रूम पार्टनर ऋषभ अपने गांव गया हुआ था, जिस वजह से प्रत्युष कमरे में अकेला रह रहा था।

जमीन पर पड़ा मिला शव

सोमवार रात करीब नौ बजे प्रत्युष ने अन्य खिलाड़ियों के साथ मेस में भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे जब जूनियर खिलाड़ी उसे जगाने पहुंचे तो वह कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। यह देख सभी घबरा गए और तत्काल उसे बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।

कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। उधर, प्रत्युष की असमय मौत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में शोक का माहौल है। साथी खिलाड़ी गहरे सदमे में हैं और सभी ने उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।