Hindi NewsUP NewsViolence erupts Shahjahanpur after security guard beaten BJP leader attacked hotel vandalized and shots fired
यूपी में चौकीदार को पीटने पर बवाल, भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, होटल में तोड़फोड़ और फायरिंग

यूपी में चौकीदार को पीटने पर बवाल, भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, होटल में तोड़फोड़ और फायरिंग

संक्षेप:

शाहजहांपुर में शुक्रवार की देर रात होटल में तोड़फोड़ और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना तिलहर क्षेत्र के नगरिया मोड़ की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार होटल चौकीदार से कुछ कार सवारों का विवाद हो गया।

Dec 20, 2025 07:36 pm ISTDinesh Rathour शाहजहांपुर (तिलहर)
share Share
Follow Us on

यूपी के शाहजहांपुर में शुक्रवार की देर रात होटल में तोड़फोड़ और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना तिलहर क्षेत्र के नगरिया मोड़ की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार होटल चौकीदार से कुछ कार सवारों का विवाद हो गया। इसके बाद कार सवारों ने चौकीदार को पीटते हुए जमकर उत्पात मचाया। चौकीदार को कार सवारों ने गाड़ी में भी डालने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे होटल मालिक और भाजपा नेता दिवाकर सिंह पंकज पर भी कार सवारों ने जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं हमलावरों ने होटल में घुसकर लाखों रुपये के सामान में तोड़फोड़ की। मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने रात में ही पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बंथरा गांव निवासी नीरज सिंह ने बताया कि उनका नगरिया मोड़ पर ब्रदर्स इन होटल है, जहां उनके बड़े भाई दिवाकर सिंह पंकज शुक्रवार रात मौजूद थे। शाहजहांपुर के कुछ युवक होटल पर खाना खाने के बाद कार से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार से होटल की पार्किंग में रखी चौकीदार की कुर्सी टूट गई। चौकीदार मोहित, निवासी खानपुर, ने इसका विरोध किया तो युवक उग्र हो गए और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने मोहित को जबरन कार में डालने की कोशिश भी की।

पिटाई से भाजपा नेता हुए बेहोश

घटना की जानकारी मिलते ही दिवाकर सिंह पंकज और उनका सुरक्षा गार्ड राहुल मौके पर पहुंचे। उन्होंने चौकीदार को छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में भाजपा महानगर के जिला उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह पंकज बेहोश हो गए। होटल कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और उनके भाई नीरज सिंह को सूचना दी। नीरज अपने पुत्र स्वयं सिंह और गांव के विक्रम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि नीरज के पहुंचने से पहले ही आरोपी होटल में घुस चुके थे और तोड़फोड़ कर रहे थे। लोगों ने रोकने की कोशिश की तो एक आरोपी ने विक्रम सिंह के ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे उनका पैर टूट गया। इसके बाद आरोपियों ने स्वयं सिंह को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इनका सिर फूट गया। लहुलूहान हो गए। नीरज और दिवाकरण सिंह को चोटें लगी हैं। काफी प्रयास के बाद भी जब आरोपी नहीं माने तो नीरज ने अपनी लाइसेंसी राइफल से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे हमलावर मौके से भाग निकले। इधर गंभीर घायल दिवाकर सिंह को शाहजहांपुर ले जाया गया था। जहां से बरेली रेफर किया गया है।

सूचना पर कोतवाल राकेश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और हाईवे पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों शाहजहांपुर चौक निवासी अक्षय कुमार, उसके भाई योगेश और ऋषभ को कार सहित पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों का शांति भंग में चालान कर दिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

सिपाही से जमकर की गाली-गलौज और अभद्रता

होटल पर आरोपी युवकों के द्वारा तोड़फोड़ करने एवं मारपीट करने पर भाजपा नेता ने इसकी शिकायत 112 डायल एवं स्थानीय पुलिस से की। सूचना पर 112 डायल बाइक से एक पुलिसकर्मी होटल पहुंचा। उसने आरोपी युवकों को समझने का प्रयास किया लेकिन युवकों ने उसके साथ भी जमकर गाली गलौज किया और उसके सामने होटल में तोड़फोड़ की। एक युवक ने उसकी वर्दी में भी हाथ डाल दिया और खींचातानी की। इस पर जब दिवाकर का सुरक्षा गार्ड राहुल सिपाही की तरफ से पहुंचा तो उसके साथ भी युवकों ने जमकर गाली गलौज किया और जान से मारने की धमकी दी।

होटल के किचन में तोड़फोड़ कर समान हाईवे पर लाकर फेंका

आरोपी युवकों ने जमकर तांडव मचाया। दिवाकर सिंह के बेहोश होने पर सभी होटल के कर्मचारी उनको संभालने में लग गए इसी दौरान आरोपी युवक डंडे लेकर होटल में तोड़फोड़ करते हुए किचन तक पहुंच गए। नीरज के अनुसार किचन में आरोपियों ने लाखों रुपए की क्राकरी, फ्रिज, दरवाजा तोड़ दिया तथा साथ ही साथ फ्रिज में रखी कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल एवं अन्य सामान निकालकर हाईवे पर लाकर फेंक दिया।

युवकों का तांडव सीसीटीवी में हुआ कैद, पुलिस जांच कर रही

होटल में युवकों के द्वारा मारपीट और तोड़फोड़ की घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी भनक बिल्कुल भी आरोपी युवकों को नहीं थी इसीलिए आरोपी युवक अपनी मनगढ़ंत कहानी पुलिस एवं अपने परिजनों को बताते रहे। शनिवार की दोपहर जब होटल के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग लेकर नीरज सिंह कोतवाली पहुंचे तो घटना की सच्चाई पुलिस एवं आरोपी युवकों के परिजनों को मिल गई। रिकॉर्डिंग देखने से पहले युवकों के परिजन होटल मालिक को ही गलती दे रहे थे, लेकिन बाद में वह अपने बच्चों की हरकत देखकर पुलिस के सामने शर्मिंदा हुए। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:यूट्यूबर अनुराग ने दुबई में भी बनाई अकूत संपत्ति, ईडी की रेड में क्या-क्या मिला?
ये भी पढ़ें:यूपी में महिला बीएलओ की हत्या, प्रेमी ने गला काटा फिर खुद भी कर ली खुदकुशी
Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |