तावड़े ने विधायकों से रिपोर्ट कार्ड पर की दो टूक बात, मीटिंग में बगले झांकने लगे कई दावेदार

लाइव हिन्दुस्तान
share

भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरे जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने शु्क्रवार को गोरखपुर में ताबड़तोड़ कई बैठकें कीं। तावड़े ने विधायकों से उनके रिपोर्ट कार्ड पर दो टूक बात की। इस दौरान 2027 के कई दावेदार बगले झांकते नजर आए। 

vinod tawde spoke directly with mlas about their report cards leaving many contenders looking other way during meeting
तावड़े ने विधायकों से रिपोर्ट कार्ड पर की दो टूक बात, मीटिंग में बगले झांकने लगे कई दावेदार

अजय श्रीवास्तव, गोरखपुर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को गोरखपुर की बैठक में विभिन्न चरणों में भाजपा द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एक-एक विधानसभा के विधायकों से बात की। इस दौरान उन्होंने विधायकों को जनता के बीच उनकी मौजूदगी से लेकर कार्यकर्ताओं से व्यवहार तक के आधार पर उनके रिपोर्ट कार्ड से अवगत कराया। साथ ही खामियों को लेकर बिंदुवार नसीहत भी दी। बैठक के दौरान जब उन्होंने उदाहरणों के साथ रिपोर्ट कार्ड पर बात की तो मौजूदा विधायक और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट के कई दावेदार बगले झांकने लगे। विनोद तावड़े ने दो टूक कहा-जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहें। सरकार के साथ खुद की भी छवि को बेहतर बनाएं।

गोरखपुर क्षेत्र में 62 विधानसभा आती हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को 37 सीटें मिली थीं। गोरखपुर मंडल में तो भाजपा का प्रदर्शन बेहतर था, लेकिन आजमगढ़ और बस्ती मंडल में पार्टी को मुंह की खानी पड़ी थी। ऐसे में राष्ट्रीय महासचिव का ध्यान जीते हुए विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर तो था ही, जिन विधानसभा में हार मिली थी, उसके कारणों पर उन्होंने विस्तार से चर्चा की। प्रभारी की सर्वाधिक चिंता विधायकों की जनता और कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थिति को लेकर दिखी। तावड़े ने कई चरणों में भाजपा द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे रिपोर्ट की भी चर्चा की। प्रभारी का जोर बूथ की मजबूती पर था।

जातिगत समीकरण साधने पर जोर

विनोद तावड़े विधानसभा वार जातिगत समीकरण लेकर आए थे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ संगठन के पदाधिकारियों से कहा कि जाति के बड़े नेताओं के संपर्क में रहने की जरूरत है। कोशिश करें कि वह पार्टी के समर्थन में रहें। उन्होंने नेताओं ने कहा कि निवास के साथ प्रवास भी करें। घर से निकलें, तभी 2017 और 2022 से बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिन बूथ पर हारे उसकी अभी से समीक्षा करें। होमवर्क करें कि किस तरह पिछले खामियों में सुधार हो सकता है।

समय रहते दूर कर लें खामियां

तावड़े ने स्पष्ट कहा कि बूथ पर मजबूती सिर्फ कार्यकर्ता की जिम्मेदारी नहीं है। हर छोटा-बड़ा जनप्रतिनिधि भी बूथ के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव का बूथवार प्रदर्शन देखें। जहां भी कुछ खामियां हैं, उसे प्राथमिकता पर समय रहते दूर कर लें।

2017 और 2022 से भी बड़ी जीत को अभी से जुटें

राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने संगठन से जुड़े विभिन्न वर्ग के साथ रानीडिहा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में ताबड़तोड़ अलग-अलग बैठकें की। देर शाम तक चली बैठक में तावड़े ने पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वह 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव से बड़ी जीत के लिए अभी से जुट जाएं। जीत का मंत्र देते हुए कहा कि युवाओं, महिलाओं के साथ सनातन सोच वाले परिवारों से संपर्क करें। छोटा कार्यकर्ता हो या बड़ा पदाधिकारियों रोज 3 से 4 परिवारों से संपर्क करें।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsतावड़े ने विधायकों से रिपोर्ट कार्ड पर की दो टूक बात, बगले झांकने लगे कई दावेदार