यूपी में चुनाव से पहले विलेज डेवलमेंट प्लान, 5973 गांवों के लिए अफसरों को मिला 1 महीने का वक्त

संवाददाता, लखनऊ
share

प्रदेश भर के कमिश्नर-डीएम के साथ योजनाओं-कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि आदर्श ग्राम योजना के तहत बाकी बचे 5,973 गांवों का विलेज डेवलपमेंट प्लान जल्द तैयार कराएं। साथ ही जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में एक महीने के अंदर इसे अनुमोदित भी कराएं।

यूपी में चुनाव से पहले विलेज डेवलमेंट प्लान, 5973 गांवों के लिए अफसरों को मिला 1 महीने का वक्त
मुख्य सचिव एसपी गोयल

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार गांवों के विकास के कामों में तेजी ला रही है। इस बीच बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश भर के कमिश्नर-डीएम के साथ योजनाओं-कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में कहा कि आदर्श ग्राम योजना के तहत बाकी बचे 5,973 गांवों का विलेज डेवलपमेंट प्लान जल्द तैयार कराएं। साथ ही जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में एक महीने के अंदर इसे अनुमोदित भी कराएं। उन्होंने यह भी कहा है कि आदर्श ग्राम योजना के तहत 70 नंबर पा चुके 1,878 गांवों को तत्काल आदर्श ग्राम घोषित कराया जाए।

बैठक में आदर्श ग्राम योजना, लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम, संचारी रोग नियंत्रण, इन्फ्लुएन्जा की स्थिति, बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य तथा फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्धारित समय में लंबित प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित मुख्य विकास अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और एक महीने के भीतर पेन्डेन्सी खत्म नहीं होने पर संबंधित मुख्य विकास अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।

हर दूसरे दिन करें लंपी बीमारी की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि आदर्श ग्राम योजना के तहत कुल 12,382 गांवों को चुना गया है। इनमें से 6,409 गांवों के ड्राफ्ट विलेज डेवलपमेंट प्लान तैयार हैं। साथ ही 5,050 गांवों के विलेज डेवलपमेंट प्लान फाइनल किए जा चुके हैं जबकि 3,861 गांवों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा चुका है। मुख्य सचिव ने मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर दूसरे दिन लंपी स्किन डिजीज की स्थिति की समीक्षा करें। यह सुनिश्चित करें कि पशु चिकित्सक निर्धारित समय पर चिकित्सालयों में उपस्थित रहें और गांवों में शिविर लगाकर टीकाकरण अभियान को गति दें। पशु सखी, पैरावेट और मैत्री को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर टीकाकरण की शत-प्रतिशत सुनिश्चितता पर विशेष ध्यान दिए जाएं।

लंपी से 9 हजार पशु प्रभावित

बैठक में बताया गया कि लंपी स्किन डिजीज से अब तक 9,003 पशु प्रभावित हुए हैं, जिनका उपचार किया गया है। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 1,430 है। प्रभावित जिलों में 606 टीमें तैनात कर 16,08,548 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। प्रदेश मुख्यालय पर 33,81,900 लंपी स्किन डिजीज वैक्सीन आरक्षित हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा का छिड़काव, कीचड़ (मड) की सफाई और अन्य निरोधात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी सूखने के बाद फसल क्षति के सर्वे की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ कराई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजे का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जा सके।

सबसे अच्छी 10 ग्राम पंचायतों को मिलेगा 50 लाख का पुरस्कार

यूपी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पहली बार मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार की शुरुआत की जाएगी। स्वच्छता व पर्यावरण सहित 10 श्रेणियों में ग्राम पंचायतों को परखा जाएगा। इच्छुक व पात्र ग्राम पंचायतें 15 से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित सिंह के मुताबिक, अभी तक पिछले नौ वर्षों से प्रत्येक जिले की पांच-पांच श्रेण ग्राम पंचायतों यानी कुल 375 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिया जाता है। अब यह पहली बार है कि पहले से चल रही योजना के साथ-साथ पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ 10 ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिसके तहत ग्राम पंचायतों का चयन 10 विशेष श्रेणियों में किया जाएगा। जिसमें घर-घर कचरा एकत्रित करना, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वयं की आय सृजित करना, प्लास्टिक मुक्त या प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, मेरा तालाब मेरी योजना, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और कॉमन सर्विस सेंटर इत्यादि में बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को चुना जाएगा। फिलहाल इच्छुक ग्राम पंचायतों से आवेदन मांगे गए हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी में चुनाव से पहले विलेज डेवलमेंट प्लान, अफसरों को मिला 1 महीने का वक्त