
VIDEO: झांकी में भगवान शंकर बना युवक अचानक चकराकर गिरा, पलभर में मौत से मचा हड़कंप
यूपी के कुशीनगर में डोल मेले के दौरान झांकी में भगवान शंकर का किरदार निभा रहे एक कलाकार मंच अचानक गिर गया। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मेले में हड़कंप मच गया।
यूपी के कुशीनगर में स्थानीय कस्बे में आयोजित डोल मेले के एक अखाड़े द्वारा निकाले गए झांकी में भगवान शंकर का किरदार निभा रहे एक कलाकार मंच अचानक गिर गया। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मेले में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी के बाद हरकत में आई तमकुहीराज पुलिस मृतक कलाकार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर आयोजकों में हड़कंप की स्थिति रही।

बुधवार को तमकुहीराज कस्बे में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत डोल मेला का आयोजन धूमधाम से आयोजित किया गया था। डोल मेले में आयोजकों द्वारा झांकी सहित तमाम तरह की प्रदर्शनी एवं नृत्य का आयोजन कर उसका प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान तमकुहीराज के धुरिया ईमिलिया के छत्रपति शिवाजी महाराज अखाड़ा वन पल्स द्वारा निकाले गए झांकी में कसया थानाक्षेत्र के बेलवा निवासी रामबहाल पुत्र गिरधारी 21 जो भगवान शंकर का किरदार निभा रहा था, अचानक मूर्छित होकर नीचे गिर गया। आनन-फानन में उसके सहयोगी कलाकार एवं आयोजक मंडल के सदस्य पुलिस की मदद से मूर्छित कलाकार को लेकर सीएचसी तमकुहीराज पहुंचे। जहां जांच पड़ताल के बाद चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम आकांक्षा मिश्र, सीओ रामप्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष सुशील शुक्ला पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर आयोजकों द्वारा डीजे साउंड में उतरे करंट के कारण मौत होना बताया जा रहा था। जबकि सीएचसी के चिकित्सको का कहना था कि मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया करंट लगने के कोई निशान नहीं थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष तमकुहीराज सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि कलाकार के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर घटना की सही एवं सटीक जानकारी मिल पाएगी। मामले में आवश्यक कारवाई की जा रही है।





