VIDEO: मंगला एक्सप्रेस में टिकट मांगने पर महिला TTE का बाल खींचा, हाथापाई भी
मंगला एक्सप्रेस में एक महिला टिकट परीक्षक (टीटीई) के साथ साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस महिला यात्री को हिरासत में ले लिया है।
हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में एक महिला टिकट परीक्षक (टीटीई) के साथ बदसलूकी की गई। टिकट मांगने पर महिला यात्री गुस्से में आ गई। महिला टीटीई ने आरोप लगाया गया है कि बिना टिकट यात्रा कर रही युवती ने टिकट मांगने पर अभद्रता की। महिला टीटीई का बाल खींचकर हाथापाई की। महिला यात्री ने ईएफटी बुक छीन ली और उनका टैब भी तोड़ दिया। झांसी पहुंचने पर जीआरपी ने आरोपी प्रियंका सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे ग्वालियर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
घटना ग्वालियर रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। बुधवार को हजरत निजामुद्दीन से चलकर झांसी आ रही मंगला एक्सप्रेस एस-2 कोच में ड्यूटी पर तैनात टीटीई अंजली प्रजापति ने एक महिला यात्री से टिकट मांगा। टिकट न होने पर नियम के अनुसार, टिकट बनवाने की बात कही। इसी दौरान भुगतान को लेकर कहासुनी हो गई और आरोप है कि महिला यात्री ने टीटीई के बाल पकड़कर उनके साथ मारपीट कर दी। महिला टीटीई ने आरोप लगाया है कि महिला यात्री ने हमला किया, उनका टैब जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया और ईएफटी बुक छीन ली, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ। घटना के दौरान कोच में अफरातफरी मच गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। महिला टीटीई ने घटना की सूचना झांसी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही झांसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
तहरीर पर जीआरपी ने दर्ज की एफआईआर
मामले में जीआरपी प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना ग्वालियर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद हुई थी। झांसी जीआरपी ने तहरीर के आधार पर प्रियंका सिंह छतरपुर निवासी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई ग्वालियर जीआरपी करेगी।
महिला टीटीई के साथ बदसलूकी की सूचना टिकट चेकिंग स्टाफ में नाराजगी
चलती ट्रेन में महिला टीटीई के साथ बदसलूकी की सूचना मिलते ही टिकट चेकिंग स्टाफ में नाराजगी फैल गई। आपको बता दें कि हाल ही में डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ हुई अभद्रता की घटना के बाद यह दूसरा मामला होने से रेलकर्मियों में भारी आक्रोश है। स्थिति को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एफआईआर दर्ज होने के बाद रेलकर्मी महिला टीटीई के साथ थाने से लौटे।


