Varanasi News: बरेका में मैट पर होगी अंकों वाली इनामी कुश्ती

हिन्दुस्तान, वाराणसी
Follow us on Google News
share

Varanasi News: वाराणसी में हर साल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता होती है। इस बार 5 सितंबर को मैट पर महिला/ पुरुष सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा, बास्केटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी स्थानीय टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वाराणसी की कई टीमें प्रदेशीय फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गई हैं।

Varanasi News: बरेका में मैट पर होगी अंकों वाली इनामी कुश्ती

Varanasi News: वाराणसी। बरेका में हर साल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता होती थी। पूर्व के वर्षों में दंगल वाली कुश्ती आयोजित होती थी, इस बार मैट पर अंकों वाली कुश्ती होगी। आयोजक अर्जुन सरदार के अनुसार स्वर्गीय हरि सरदार की स्मृति में हर साल जन्माष्टमी पर कुश्ती होती है। इस बार 5 सितंबर को मैट पर प्राइजमनी महिला/ पुरुष सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता होगी। पुरुष वर्ग में 80 किलो से ऊपर में प्रथम पुरस्कार 11000, द्वितीय पुरस्कार 7100, तृतीय पुरस्कार 3000-3000 होगा। 71 से 80 किलो प्रथम पुरस्कार 7100, द्वितीय पुरस्कार 5100, तृतीय पुरस्कार 2500-2500 रुपये, 61से 70 किलो में प्रथम पुरस्कार 5100, द्वितीय पुरस्कार 3100, तृतीय पुरस्कार 1500-1500, 50 से 60 किलो में प्रथम पुरस्कार 4100, द्वितीय पुरस्कार 2100, तृतीय पुरस्कार 1250-1250 रुपये है। महिला वर्ग में 55 से 64 किलो में प्रथम पुरस्कार 4100, द्वितीय पुरस्कार 2100, तृतीय पुरस्कार 1250-1250 रुपये है। 65 किलो से ऊपर में प्रथम पुरस्कार 5100, द्वितीय पुरस्कार 3100, तृतीय पुरस्कार 1500-1500 रुपये है। प्रतिभाग करने वाले पहलवानों को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। जो भी पहलवान प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं, पांच सितंबर को ही सुबह 8 बजे से 10 बजे तक अपना वजन कर सकते हैं। दोपहर 12 बजे से प्रतियोगिता प्रारंभ हो जाएगी。

यूपी कॉलेज और रानी मुरार की खिताबी जीत

फोटो- बॉस्केटबॉल

वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के बास्केटबॉल कोर्ट पर बुधवार को आयोजित जनपदीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बालक वर्ग में उदय प्रताप इंटर कॉलेज और बालिका वर्ग में रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज की टीम चैंपियन रही। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मलदहिया उपविजेता रहा।

टेबल टेनिस में सनबीम लहरतारा ओवरऑल चैंपियन

फोटो- टेबल टेनिस

वाराणसी। सनबीम स्कूल लहरतारा ने सीबीएसई टेबल टेनिस क्लस्टर चैंपियनशिप में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता 30 अगस्त से एक सितंबर तक तरना शिवपुर स्थित एबी रोलैंड स्कूल में आयोजित हुई। इसमें 40 से अधिक विद्यालयों के 160 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में कई पदक जीते। अंडर-14 बालक टीम में दिव्यांश कुमार, जय राघवेंद्र सिंह, मानव पेशवानी और देव्यांश बलानी तथा बालिकाओं में धैर्या श्रीवास्तव, आर्ना पाठक, अद्विता अग्रवाल और रीतिशा वाधवानी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-19 की बालिका टीम भी चैंपियन रही। अंडर-14 बालक एकल में दिव्यांश कुमार ने स्वर्ण और बालिका एकल में धैर्या श्रीवास्तव ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-17 बालक टीम और अंडर-19 बालिका एकल में कांस्य जीता। टीम कोच नवनीत अग्रवाल और मैनेजर रमन श्रीवास्तव के निर्देशन में खिलाड़ियों ने यह सफलता हासिल की। सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक, उपाध्यक्ष भारती मधोक, निदेशिका अमृता बर्मन और मानद निदेशक हर्ष मधोक ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।

बैडमिंटन : याना और पलक की जोड़ी ने जीता फाइनल

फोटो- बैडमिंटन

वाराणसी। मेरठ में 29 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित योनेक्स सनराइज यूपी स्टेट सबजूनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट में वाराणसी की याना ने युगल मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता। याना गुप्ता और आगरा की पलक यादव के साथ अंडर 17 के बालिका वर्ग के युगल मैच में गाजियाबाद की किरत चौबे एवं सौम्या सिंह की जोड़ी को सीधे सेटो में 15-12, 15-8 से हराया। याना के इस शानदार प्रदर्शन पर वाराणसी के खिलाड़ियों में हर्ष व्याप्त है। यह जानकारी जिला बैडमिंटन संघ के सचिव नागेन्द्र सिंह ने दी।

प्रदेशीय स्कूली फुटबॉल में इतिहास रचने को बनारस

- सहज जीत के साथ पांच वर्गों के फाइनल में पहुंची टीमें

- बलिया में चल रही है स्कूली स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप

फुटबॉल : वाराणसी

बालक अंडर-14 वाराणसी की टीम फाइनल में

वाराणसी। बलिया में चल रही 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बनारस इतिहास रचने की कगार पर पहुंच गया है। बुधवार को अलग अलग वर्गों में वाराणसी की पांच टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। बालकों का अंडर 17 मुकाबला रोशनी कम होने की वजह से नहीं खेला जा सका। अब यह मैच गुरुवार को खेला जाएगा।

टीम के कोच डॉ. जीतेंद्र कुमार ने बताया कि लीग चक्र के बाद नाक आउट में बनारस की टीमों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। बालकों के अंडर 14 वर्ग में वाराणसी ने गोरखपुर को एकमात्र गोल से परास्त किया। बालक वर्ग के अन्य मुकाबले इस प्रकार हैं- अंडर 17 के सेमीफाइनल में वाराणसी ने मेरठ को 6-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। अंडर-19 के क्वार्टर फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को और सेमीफाइनल में आजमगढ़ को 2-1 से परास्त किया।

उधर बालिका वर्ग में सेमीफाइनल में वाराणसी ने अंडर 14 में प्रयागराज को 3-0 से हराया। अंडर 17 में गोरखपुर को 3-0 से हराकर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। इसके पहले सेमीफाइनल में देवीपाटन को 5-0 से पटखनी दी।

अधिक जानकारी के लिए प्रश्न

कुश्ती प्रतियोगिता कब आयोजित होगी?
कुश्ती प्रतियोगिता 5 सितंबर को आयोजित होगी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsवाराणसीVaranasi News: बरेका में मैट पर होगी अंकों वाली इनामी कुश्ती