Varanasi News: दो महीने इंतजार, फिर अंडरपास से वाहन भरेंगे रफ्तार
Varanasi News: वाराणसी में पड़ाव अंडरपास की चौड़ाई 20.5 मीटर की जा रही है। दाहिमा की ओर कार्य पूरा हो चुका है, केवल बॉक्स पुशिंग बची है। बाईं ओर चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। यह कार्य उत्तर रेलवे द्वारा किया जा रहा है, जिससे साल के अंत तक वाहन तेजी से चल सकेंगे।

Varanasi News: वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पड़ाव अंडरपास की चौड़ाई 20.5 मीटर की जा रही है। दाहिने तरफ कार्य पूरा हो गया है। सिर्फ बॉक्स पुशिंग बाकी है। इसके लिए रेलवे बोर्ड से ब्लॉक मांगा गया है।
कार्य प्रगति
बाईं ओर चौड़ाई बढ़ाने और बॉक्स की ढलाई चल रही है। अक्तूबर तक दाहिनी ओर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उम्मीद है कि साल के अंत तक पड़ाव-टेंगरा मोड़ फोरलेन पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे। पड़ाव से टेंगरा मोड़ तक लगभग सात किलोमीटर लम्बी सड़क को पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड) ने लगभग 194 करोड़ से फोरलेन बनाया है। रास्ते में पड़ने वाला पड़ाव रेल अंडरपास काफी संकरा होने से ‘बॉटलनेक’ सरीखा है। इससे न सिर्फ तेजी से आने वाले वाहनों की रफ्तार मंद पड़ जाती है बल्कि दिन में कई बार जाम के हालात भी बनते हैं। इसे देखते हुए पिछले वर्ष अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाना शुरू कर दिया गया।
योजना और कार्यान्वयन
उत्तर रेलवे यह कार्य करा रहा है। इसके तहत बीच की लेन 10.5 मीटर और दाहिनी और बाईं तरफ 5-5 मीटर चौड़ाई होगी। बीच की लेन में न्यूजर्सी डिवाइडर बनाकर अंडरपास को चार सेक्शन में बांटा जाएगा। फिलहाल दाहिनी ओर चौड़ीकरण के बाद सिर्फ बॉक्स पुशिंग का काम बचा हुआ है। रेलवे बोर्ड से ब्लॉक मिलते ही यह कार्य पूरा हो जाएगा। वहीं, बाईं तरफ भी बिजली के अंडरग्राउंड केबल शिफ्ट करने के बाद चौड़ीकरण और बॉक्स की ढलाई चल रही है। रेलवे और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के मुताबिक पूरा प्रयास किया जा रहा है कि दिसंबर तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।


