मौसम: तेज ठंडी हवा चली तो कई इलाकों में बूंदाबादी
Varanasi News - वाराणसी में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के कारण मौसम में बदलाव आया है। मंगलवार को तेज ठंडी हवा और शाम को बूंदाबादी हुई। अगले दो दिनों तक हल्का कोहरा रहेगा और तापमान में गिरावट की संभावना है। इससे ठंड बढ़ सकती है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ एवं चक्रवात के कारण मंगलवार को मौसम ने करवट ली। दोपहर में तेज ठंडी हवा चली तो शाम को कई इलाकों में बूंदाबादी हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक सुबह हल्का कोहरा रहेगा। तापमान में गिरावट की संभावना है। जिससे ठंड में इजाफा होगा। मंगलवार की सुबह आसमान में हल्का कोहरा छाया था। सुबह करीब 7 बजे चार सौ मीटर दृश्यता दर्ज की गई। सूरज चढ़ने पर कोहरा छंट गया लेकिन दोपहर करीब 12 बजे अचानक फिर मौसम में बदलाव आया। आसमान में काले घने बादल छा गए थे। करीब 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी।
इससे ठंड और हल्की गलन का भी अहसास होने लगा। शाम करीब 5 बजे शहर सहित ग्रामीण इलाके में दस से 20 मिनट तक बूंदबादी हुई है। अर्दली बाजार, जगतगंज, चौकाघाटा, ककरमत्ता, मैदागिन, बाबतपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रोहनिया, हरहुआ, चिरईगांव और अन्य इलाके में बूंदबादी हुई। बादलों के कारण दिन का तापमान उछाल कर सामान्य से 0.3 डिग्री ज्यादा 25 और रात का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के कारण मौसम में बदलाव आया है। अगले दो-तीन दिन तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट की संभावना है। इससे थोड़ी ठंड भी बढ़ेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




