विटामिन बी-12 की कमी बढ़ा रहा भूलने की समस्या और चिड़चिड़ापन
Varanasi News - वाराणसी में एक शोध में पता चला है कि शाकाहारी भोजन में विटामिन बी-12 की कमी से भूलने की समस्या, चिड़चिड़ापन और नसों में कमजोरी जैसी स्वास्थ्य परेशानियाँ बढ़ रही हैं। अध्ययन में 100 मरीजों में सभी को विटामिन बी-12 की कमी पाई गई। विशेषज्ञों ने खानपान में बदलाव की सलाह दी है।

वाराणसी। शाकाहारी भोजन की थाली में विटामिन बी-12 की कमी से लोगों को भूलने की समस्या, चिड़चिड़ापन, नसों में कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह जानकारी आईएमएस, बीएचयू में हेमेटोलॉजी कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुत एक शोध में सामने आई। केजीएमयू के हेमेटोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि शाकाहारी सौ मरीजों पर किए गए इस अध्ययन में सभी में विटामिन बी-12 की कमी पाई गई। सामान्य स्तर के अनुसार शरीर में विटामिन बी-12 200 से 900 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर होना चाहिए, लेकिन जांच में अधिकांश मरीजों में यह स्तर 200 से कम पाया गया।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि विटामिन बी-12 की कमी के कारण करीब 25 प्रतिशत मरीजों में याददाश्त कमजोर होने और चिड़चिड़ापन जैसी मानसिक समस्याएं विकसित हो चुकी थीं। वहीं, 30 प्रतिशत में नसों की कमजोरी पाई गई। इसके अलावा थकान, कमजोरी, एनीमिया और एकाग्रता में कमी जैसे लक्षण भी आम पाए गए। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक बी-12 की कमी नसों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे चलने-फिरने में दिक्कत, संतुलन बिगड़ना और डिप्रेशन जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। यह शोध इंडियन जर्नल ऑफ हेमेटोलॉजी एंड ब्लड ट्रांसफ्यूजन में प्रकाशित हो चुका है। खानपान में करें बदलाव पहला तरीका है, विटामिन बी-12 का इंजेक्शन लगवाना। दूसरा तरीका यह है कि विटामिन बी-12 मुख्य रूप से पशु स्रोतों से प्राप्त होता है, इसलिए नियमित रूप से दूध और दुग्ध उत्पादों का सेवन करना चाहिए, ताकि शरीर में इसका स्तर संतुलित बना रहे। उन्होंने बताया कि आज की बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और जंक फूड की बढ़ती आदतों ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है। इन खाद्य पदार्थों का करें सेवन दूध : रोजाना एक से दो गिलास। दही : प्रोबायोटिक दही पाचन के साथ बी-12 भी बढ़ाता है। पनीर : उच्च मात्रा में बी-12 का अच्छा स्रोत। छाछ और लस्सी : गर्मी में लाभकारी और पौष्टिक। ( जैसा डायटिशियन डॉ. नम्रता ने बताया)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


