विद्यापीठ में छात्रगुटों में मारपीट, पिस्टल लहराई
Varanasi News - काशी विद्यापीठ में मंगलवार को छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई। एक एलएलएम छात्र ने आरोप लगाया कि तीन युवकों ने पिस्टल से फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची, और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। हॉस्टल के बाहर यह घटना हुई और आरोपी भाग निकले।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। काशी विद्यापीठ में मंगलवार की शाम छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। एलएलएम की पढ़ाई कर रहे पीड़ित छात्र ने तीन पूर्व छात्रों पर पिस्टल से फायर करने का आरोप लगाया, हालांकि गोली मिस हो गई और छात्र की जान बच गई। मौके पर हंगामे के दौरान पुलिस भी पहुंच गई। हमलावर पुलिस को देखते ही भाग निकले। इस मामले में कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के बाहर मंगलवार की शाम बैठे छात्र गौरव पटेल को तीन युवकों ने घेरा और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकाल ली।

धक्कामुक्की के दौरान आरोपी ने फायर कर दिया मगर गोली मिस हो गई। इतने में हॉस्टल के छात्र भी पहुंच गए और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान परिसर में काफी हंगामा हुआ। सुरक्षाकर्मी मौके की तरफ दौड़े और कुछ ही देर में फोर्स भी पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपी युवक भाग निकले। मौके पर सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा भी फोर्स के साथ पहुंच गए। आरोपी युवकों की पहचान के लिए हॉस्टल की सीसीटीवी फुटेज भी निकाली गई है। मामले में तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है और इनकी तलाश की जा रहा है। बता दें कि आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास में छात्रों के बीच पिछले कुछ दिनों में कई बार मारपीट हुई है। लगभग 15 दिन पहले देररात आए नशे में धुत स्कार्पियो सवारों ने रॉड-डंडे से कई बाइक और स्कूटी क्षतिग्रस्त कर दी थी। इस मामले में भी छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया था मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


