Varanasi News: नमो घाट पर गार्ड और नाविकों ने युवकों को पीटा
Varanasi News: वाराणसी के नमो घाट पर बिहार के भभुआ से आए युवकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। युवकों ने गेट नंबर दो पर गार्ड से विवाद किया, जिसके बाद गार्ड और नाविकों ने मिलकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। पीड़ितों ने आदमपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

Varanasi News: वाराणसी। नमो घाट पर सोमवार रात पर्यटकों के साथ मारपीट की गई। बिहार के भभुआ से नमो घाट घूमने आए युवकों को गेट नंबर दो पर सिक्योरिटी गार्ड और कुछ नाविकों ने मिल कर पिटाई की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ' हिन्दुस्तान ' वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वीडियो में गेट नंबर दो के पास पांच-छह लोग युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। इस मामले में घायल युवकों के की ओर से आदमपुर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सोमवार रात करीब 10 बजे भभुआ निवासी दुरेश अंसारी अपने दोस्त मो. राकीब, अरमान फारुकी समेत पांच युवकों के साथ नमो घाट घूमने पहुंचा था।
रात में घाट बंद होने के बाद सभी गेट नंबर दो से वाहन स्टैंड की ओर बढ़ रहे थे। गेट बंद होने पर युवकों ने सामने मौजूद गार्ड से गेट खोलने की बात कही तो वह विवाद करने लगा। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद कुछ सिक्योरिटी गार्ड और नाविकों ने युवकों को घेर लिया और उनकी लाठी-डंडे और लात घुंसों से पिटाई की। जैसे-तैसे सभी युवक वहां से बच कर राजघाट की ओर गए। फिर कुछ लोगों की मदद से आदमपुर पुलिस को घटना की सूचना दी।


