Varanasi News: विद्यालय के पास हो रही है शराब बिक्री, ग्रामीणों ने दी तहरीर
Varanasi News: वाराणसी के मेहदीगंज गांव के ग्रामीणों ने खजुरी चौकी प्रभारी को शिकायत पत्र देकर 24 घंटे अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के ठेके के पास छात्राएं असुरक्षित रहती हैं, जिससे विवाद और मारपीट की स्थिति बनती है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्यवाही की मांग की है।

Varanasi News: वाराणसी, मिर्जामुराद संवाददाता। थाना क्षेत्र के मेहदीगंज (मड़ई) गांव के ग्रामीणों ने खजुरी चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र देकर गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर निर्धारित समय के विपरीत 24 घंटे अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है ग्रामीणों का आरोप है कि शराब के ठेके के बगल में लोगों को बैठाकर खुलेआम शराब भी पिलाई जाती है। इससे आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और विवाद की स्थिति बनी रहती है, जिससे आसपास के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार शराब का ठेका प्राथमिक विद्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
इसी मार्ग से प्रतिदिन शिवचरन स्मारक इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय और काशी दर्शन महिला महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। शराबियों के जमावड़े के कारण छात्राओं, महिलाओं और राहगीरों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेके पर आबकारी नियमों की अनदेखी करते हुए दिन-रात शराब की बिक्री की जा रही है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


