Varanasi News: युवा कार्यशाला के पांच सत्रों में होगी कई विषयों पर चर्चा
Varanasi News: वाराणसी में रोजगार एवं सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की बैठक में एक और दो नवंबर को होने वाली युवा संवाद और कार्यशाला की तैयारियों पर चर्चा हुई। कार्यशाला में युवाओं को राजनीतिक और बौद्धिक रूप से प्रशिक्षित करने के साथ भारत की आर्थिक दिशा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर विमर्श होगा। पूर्वांचल के दस जिलों से प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।

Varanasi News: वाराणसी, प्रसं। रोजगार एवं सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की बुधवार को सिगरा स्थित एक होटल में बैठक हुई। इसमें एक और दो नवंबर को होने वाली युवाओं के दो दिवसीय संवाद और कार्यशाला के आयोजन के संबंध में चर्चा की गई। एआईपीएफ के संस्थापक अध्यक्ष और रोसा के संयोजक अखिलेंद्र प्रताप ने कहा कि नई पीढ़ी को राजनीतिक, बौद्धिक रूप से प्रशिक्षित करने और भारत की आर्थिक, राजनीतिक दिशा और शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार का सवाल विषय पर कार्यशाला होगी। इसमें पांच प्रमुख सत्रों को अर्थशास्त्री, समाजशास्त्री और राजनीतिक चिंतक संबोधित करेंगे। खुला छठा सत्र दो नवम्बर को छात्रसंघ के सवाल पर होगा।बीएचयू
छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्वांचल के दस जनपदों में युवा नेतृत्व को मुद्दों पर राजनीतिक रूप से प्रबुद्ध और क्रियाशील बनाने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की गई है। प्रतिभागियों के चयन के लिए दस जनपदों में संपर्क किया जाएगा। प्रो. सुरेंद्र प्रताप और प्रो. अनिल उपाध्याय ने कहा कि युवाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से वैचारिक बनाने में यह कार्यशाला महत्वपूर्ण साबित होगी। डॉ. शम्मी कुमार सिंह और रोहित राणा ने भी विचार रखे। अध्यक्षता विजयशंकर पांडेय, संचालन आनंद मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन वीरेंद्र कपूर ने किया।


