बीएचयू में क्लिनकल ट्रायल यूनिट में होंगे अहम शोध
Varanasi News - वाराणसी में आईएमएस बीएचयू में जल्द ही क्लिनिकल ट्रायल यूनिट (सीटीयू) शुरू होगी। यह यूनिट दवाओं, वैक्सीन और नए चिकित्सा उपकरणों का परीक्षण करेगी। मरीजों को मुफ्त या कम खर्च में इलाज मिलेगा। इस पहल से पूर्वांचल में चिकित्सा शोध को बढ़ावा मिलेगा।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। काशी शोध का हब बनेगी। यहां दवाओं, वैक्सीन सहित नए मेडिकल उपकरणों का परीक्षण किया जायेगा। इसके लिए जल्द ही आईएमएस बीएचयू में क्लिनिकल ट्रायल यूनिट (सीटीयू) शुरू होगी। यूनिट शुरू करने के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है। एक महीने के अंदर यूनिट शुरू कर देने की योजना है। बनारस सहित पूर्वंचाल में क्लिनिकल ट्रायल यूनिट अब तक नहीं है। ऐसे में नई दवाओं, वैक्सीन, नए मेडिकल उपकरण पर शोध में समस्या होती है। इसके मद्देनजर कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने यह यूनिट शुरू करने की पहल की है। इसके लिए आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है।
यूनिट में कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, टीबी, न्यूरोलॉजी और संक्रामक रोगों से जुड़ी नई दवाओं और इलाज पर शोध होगा। ट्रायल के दौरान मरीजों की सुरक्षा, निगरानी और फॉलोअप की पूरी व्यवस्था की जाएगी। इससे जटिल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आधुनिक इलाज कम खर्च में उपलब्ध हो सकेगा। नि:शुल्क या कम खर्च में इलाज ट्रायल में शामिल मरीजों को दवाएं, जांच और इलाज या तो मुफ्त या बेहद कम खर्च में मिलेगा। हालांकि अभी इस पर सहमति नहीं बनी है कि नि:शुल्क जांच होगी या कुछ शुल्क लगेगा। इसके साथ ही इस यूनिट के जरिए बीएचयू में रिसर्च को मजबूती मिलेगी। फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टर और रिसर्च स्कॉलर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोध प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। ऐसे होगा सीटीयू में काम इस यूनिट में अनुभवी डॉक्टर, शोधार्थी, सांख्यिकीविद् और डेटा प्रबंधक शामिल होंगे। ये इंसान पर उस वैक्सीन, दवा या इलाज के प्रभाव/दुष्प्रभाव का आकलन करेंगे। परीक्षण से प्राप्त आंकड़ों का सांख्यिकी टीम विश्लेषण करेगी। औषधीय उत्पादों के लिए संबंधित नियामक एजेंसियों एफडीए (फूड ऐंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) डीसीजीआई (ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया) को रिपोर्ट की जाएगी। इनका कहना... पूर्वांचल के लिए ये बड़ी सौगात होगी। इस यूनिट में नई दवाएं, वैक्सीन सहित अन्य शोध हो सकेंगे। हमने तैयारी पूरी कर ली है। एक महीने में इस यूनिट को शुरू कर देने की उम्मीद है। प्रो. एसएन संखवार, निदेशक, आईएमएस बीएचयू
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



