अब अंडरग्राउंड दौड़ेंगे इंटरनेट और डिश टीवी के केबल
Varanasi News - वाराणसी में बेतरतीब बिजली और इंटरनेट के तारों से मुक्ति मिलेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल ने केबल मुक्त बनाने पर सहमति जताई। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर केबल लगाने का काम होगा।

वाराणसी, हिटी। शहर के स्वरूप को बिगाड़ रहे बेतरतीब बिजली और इंटरनेट के तारों के जाल से अब शहर को मुक्ति मिलने वाली है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल जैसी बड़ी कंपनियों ने शहर को केबल मुक्त बनाने के हरी झंडी दे दी है। बैठक के दौरान केबल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी माना कि सड़कों और गलियों में फैले तारों का मकड़जाल काशी आने वाले पर्यटकों में शहर की नकारात्मक छवि बनाता है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन इलाकों में अंडरग्राउंड ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) की सुविधा उपलब्ध है, वहां सभी एजेंसियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर उन्हें जमीन के नीचे ले जाएंगी।
साथ ही खंभों पर लटकते तारों के गुच्छों को ढकने के लिए एयरटेल ने विशेष वायर कवरिंग बॉक्स का मॉडल पेश किया गया है। पहले चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों पर इन बॉक्स का प्रयोग किया जाएगा। सफल रहने पर पूरे शहर में लागू किया जाएगा। वहीं मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग गलियों में, जहां खंभे नहीं हैं, वहां स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर क्लैंप लगाए जाएंगे। इन्हीं क्लैंप के माध्यम से तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


