शहर के चौथे अंडरपास से अगले महीने आवागमन शुरू होगा
Varanasi News - वाराणसी में कैंट-वाराणसी सिटी स्टेशनों के बीच समपार संख्या-25 पर निर्माणाधीन अंडरपास अगले महीने से शुरू हो जाएगा। यह चौथा रेल अंडरपास है जो लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और ट्रेन परिचालन में सुधार होगा।

वाराणसी। कैंट-वाराणसी सिटी स्टेशनों के बीच समपार संख्या-25 स्पेशल पर निर्माणाधीन अंडरपास अगले महीने से आवागमन शुरू हो जाएगा। शहर के इस चौथे रेल अंडरपास (एलएचएस) का निर्माण तकरीबन 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। वाराणसी-औड़िहार रेल खंड पर नक्खीघाट स्थित समपार संख्या-25 स्पेशल पर भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसके चलते दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसकी वजह से लोगों का समय बर्बाद होता है, साथ ही कई बार फाटक नहीं बंद होने से ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित होता है। समस्या को दूर करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (वाराणसी मंडल) ने पिछले वर्ष लगभग 10 करोड़ की लागत से इस समपार पर सिंगल लेन अंडरपास का निर्माण शुरू कराया।
इससे पहले कज्जाकपुरा, बनारस रेल इंजन कारखाना और जलालीपुरा में अंडरपास बनाकर आवागमन सुगम किया जा चुका है। इस अंडरपास की चौड़ाई 5.5 मीटर और ऊंचाई 3.6 मीटर है। जीटी रोड साइड में इसकी लम्बाई 103 मीटर और नक्खीघाट की तरफ में 120 मीटर है। वाराणसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अंडरपास का काम 90 फीसदी पूरा हो गया है। शेष कार्यों को भी जल्द पूरा कराकर अगले महीने से इसपर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


