ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीवाराणसीः क्रिसमस के जश्न में डूबे लोग, खूब हुई मौज मस्ती, देखिये तस्वीरें

वाराणसीः क्रिसमस के जश्न में डूबे लोग, खूब हुई मौज मस्ती, देखिये तस्वीरें

मसीही समुदाय के सबसे बड़े पर्व क्रिसमस पर हर ओर खुशी के रंग छाए रहे। हर ओर उत्साह और उल्लास के साथ लोगों ने इस पर्व में अपनी शिरकत की। आधी रात प्रभु यीशु के जन्म के साथ खुशियों का दौर जो शुरू हुआ तो...

वाराणसीः क्रिसमस के जश्न में डूबे लोग, खूब हुई मौज मस्ती, देखिये तस्वीरें
वाराणसी निज संवाददाताWed, 25 Dec 2019 08:28 PM
ऐप पर पढ़ें

मसीही समुदाय के सबसे बड़े पर्व क्रिसमस पर हर ओर खुशी के रंग छाए रहे। हर ओर उत्साह और उल्लास के साथ लोगों ने इस पर्व में अपनी शिरकत की। आधी रात प्रभु यीशु के जन्म के साथ खुशियों का दौर जो शुरू हुआ तो दिन बढ़ने के साथ वो खुशी दूनी होती गई। बनारस में लोगों ने इस‌ दिन को यादगार बनाने के लिए जमकर मस्ती की। 

गिरजाघरों में सुबह प्रभु यीशु और मदर मैरी की भी आराधना हुई। अकीदत और आस्था के साथ दिन की शुरुआत मसीही समुदाय ने गिरजाघरों में आराधना और प्रार्थना से की। यहां मोमबत्ती जलाकर प्रभु यीशु को नमन किया। उनके संदेशों को आत्मसात किया। गिरजाघरों में पुराहितों और पादरियों ने विशेष प्रार्थनाएं कराई तो बाइबिल के संदेश भी पढ़े। 

क्रिसमस पर खास नजारा सेंट मेरीज कैथड्रल चर्च का रहा। यहां दोपहर एक बजे तीन दिवसीय क्रिसमस मेला का शुभारंभ हुआ। इस मेले में धर्म, मजहब का बंधन तोड़ क्रिसमस की खुशियों में शामिल होने के लिए सभी धर्मों के लोग पहुंचे। प्रभु यीशु की आराधना के साथ यहां उनके जन्म की लगाई गई झांकी ने सभी का ध्यान खींचा। 

चरनी में स्थापित प्रभु यीशु को देखने को भीड़ लगी रही। यहां लोगों ने खूब सेल्फी भी खिंचवाई। इस मेले का मुख्य आकर्षण बाइबिल प्रदर्शनी देखने को भी लोगों की लाइन लगी रही। कठपुतली नृत्य ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। इन सबसे अलग यहां क्रिसमस ड्रामा का भी मंचन हुआ जिसे देखने को लोग खासा उत्सुक रहे।

मेले में लोगों ने झूलों का भी खूब आनंद लिया। बच्चों बड़ों के लिए यहां किस्म किस्म के झूले लगे थे। खानपान से लेकर खिलौने, होम फर्निशिंग, सजावट, मनोरंजक खेल वगैरह के स्टॉल पर लोगों की जबरदस्त भीड़ लगी थी। अलग अलग स्टाल पर लोगों ने खरीदारी भी खूब की। 

लाल गिरजा कैंट में भी क्रिसमस पर खास रौनक देखने को मिली। यहां प्रार्थना सभा में काफी तादाद में लोगों ने हिस्सा लिया। रेव्ह. संजय दान ने यहां प्रार्थना कराई। नए नए कपड़े पहने लोगों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दीं।  

सीएनआई चर्च तेलियाबाग, रामकटोरा, चर्च ऑफ बनारस, बेथेलफूल गॉस्पल चर्च समेत शहर के सभी चर्चों में प्रार्थना हुई। क्रिश्चियन कालोनी सिगरा से लेकर कैंटोंमेंट, डीरेका, बीएचयू में क्रिसमस पर खास रौनक देखने को मिली। लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर एक दूसरे के घर जाकर क्रिसमस की बधाइयां दीं। केक खिलाकर मुंह मीठा कराया। 

घरों में देर रात तक दावतों और बोन फायर पार्टी का दौर चलता रहा। क्रिसमस पर मॉल व होटलों में खास सजावट की गई थी। मॉल में भी युवाओं की टोलियां मस्ती करती नजर आईं। घाटों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी थी। 

इससे पहले मंगलवार की रात जैसे ही घड़ी की सूई 12 पर पहुंची, वैसे ही ओहो मसीह आया जमीन पर खुशी होती है सारे जहां में... एवं आया मसीह चरनी में... की गूंज होने लगी। लोग अमन के दूत यीशु के आगमन की खुशी में डूब गए। चर्च व गिरजाघरों में घंटा, कैरल व मसीही गीतों की धूम होने लगी। हर ओर उल्लास छा गया। कैंटोंमेंट स्थित सेंट मेरी कैथड्रल (महागिरजाघर) में खासी भीड़ रही। ईसा मसीह की झांकी सजाई गई। लोग आराधना में मगन रहे। केक काटे और क्रिसमस की बधाई दी।

गिरजाघर में काशी धर्म प्रांत के बिशप फादर यूजिन जोसेफ के सानिध्य में रात में 10.30 बजे से मिस्सा बलिदान(पूजा विधि) पूजा शुरू हुई। बाइबिल के जरिए प्रभु यीशु के जन्म के महत्व के बारे में बताया गया। रात 12 बजे बिशप जोसेफ ने प्रभु यीशु की चरनी में झांकी कराई तो भक्त आनंदित हो उठे। कैरल गूंजने लगे। यीशु के बाल रूप की आरती उतारी गई। लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई देनी शुरू कर दी।

चर्च के बाहर ईसा मसीह के जीवन की झांकी के बीच उनके बालरूप को स्थापित किया। भक्तों ने झांकी के समक्ष स्तुति की। बिशप ने प्रार्थना कराई। वहीं चर्च परिसर में युवक व युवतियों ने गीतों पर झूमे और आतिशबाजी की। पूजन में फादर विजय शांतिराज, फादर सीरिल, फादर एस जोसेफ, फादर वाई जोसेफ, फादर सी थामस, फादर जोन्स, फादर जेकप आदि ने रहे। पूजन के बाद बिशप ने उपदेश दिया। कहा, यह पुनीत, अनोखा, अद्भुत रात है। इसी रात को हमारे कष्टों व पापों को समाप्त करने के लिए प्रभु यीशु दुनिया में ज्योति बनकर आए। हम उन्हें धन्यवाद दें और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें। प्रभु यीशु ने दुनिया को रास्ता दिखाया। अपने उपदेशों से शांति, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें