होली बाद शुरू करा दें नालों की सफाई

Feb 24, 2026 01:50 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share

Varanasi News - वाराणसी नगर निगम ने होली के बाद नालों और सीवर लाइनों की सफाई का निर्देश दिया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि बारिश से पहले ये कार्य पूरा होना चाहिए। नगर निगम की बैठक में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, और सड़क मरम्मत पर चर्चा की गई। सभी शिकायतों का तत्काल समाधान करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

होली बाद शुरू करा दें नालों की सफाई

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम प्रशासन होली के तत्काल बाद शहर के नालों और सीवर लाइन की सफाई शुरू करा दे। जिससे बारिश के पहले तक यह कार्य पूरा हो जाए और शहरियों को जलभराव न झेलना पड़े। इसके अलावा होली, नवरात्र और ईद के मद्देनजर सीवर ओवरफ्लो, सड़क और गलियों की मरम्मत के कार्य प्राथमिकता पर कराए जाएं। ये निर्देश नगर निगम सदन ने महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक के दौरान अफसरों को दिये। टाउनहॉल के गांधी भवन सभागार में हुई सदन की बैठक में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान, जलकर बिलों की विसंगतियों समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।

महापौर ने कहा कि सदन में अधिकारी जो बात कहते हैं उनका पालन सुनिश्चित होना चाहिए। नगर आयुक्त इसकी निगरानी करें। दिन में करीब एक बजे सदन की बैठक शुरू हुई। महापौर ने पिछले तीन साल में हुए कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी। स्क्रीन पर सदन के नए भवन का थ्रीडी डिजाइन दिखाया गया। पिछली बैठकों में आए मुद्दों पर सदन ने मुहर लगाई। उपसभापति नरसिंह दास ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है। अगले महीने होली, नवरात्र और ईद भी है। ऐसे में सीवर समस्याओं समेत अन्य शिकायतों का तत्काल समाधान होना चाहिए। पार्षद अमरदेव यादव ने कहा कि सड़क की पटरियों पर कब्जा हटाना जरूरी है। बड़ी संख्या में मकानों, दुकानों के आगे गली पिट, नाली को पाटकर चबूतरा, रैंप, सीढ़ियां बनी हैं, जिससे बारिश में जल निकासी बाधित होती है एवं घंटों शहर में जलभराव रहता है। निगम प्रशासन इसके लिए गंभीरता से प्रयास करे। हनुमान प्रसाद ने कहा कि अगले 15 दिनों में हर हाल में वाटर कूलरों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए और अन्य स्थानों पर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग अपनी कार्यशैली से बाज नहीं आ रहा है। अब तक सभी गाड़ियों की सूची नहीं दी गई है। श्याम आसरे मौर्य ने कहा कि नाला सफाई के बाद रिपोर्ट पार्षदों को दी जाए, जिससे उसकी पड़ताल कराई जा सके। मदन मोहन दुबे ने कहा कि पौधरोपण अभियान में जो पौधे रोपे गए, उनमें से कई सूख गए हैं। ऐसे पौधों के रखरखाव पर लापरवाही हो रही है। उन्होंने कहा कि वरुणापार जोन में अमृत योजना में पेयजल कनेक्शन से कई घर अछूते हैं, ऐसे में सर्वे करके लाभ दिलाने की जरूरत है। सुशील गुप्ता ने कहा दुर्गाकुंड और लहरतारा में निजी स्कूलों का निर्माण नगर निगम की संपत्ति पर हुआ है, इसकी जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पार्षद राजकपूर चौधरी ने पंचक्रोशी मार्ग पर शिवालयों, बजरंग व्यायामशाला की धर्मशाला की मरम्मत और सुंदरीकरण की जरूरत बताई। पार्षद राजेश यादव ने टेंडर प्रक्रिया में 10 प्रतिशत से नीचे की निविदा पर 'जस्टिफिकेशन' देने वाले नियम को हटाने पर आपत्ति जताई और इसे भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताया। राजेश कुमार यादव चल्लू ने कहा कि रवींद्रपुरी एक्सटेंशन सहित स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए जा रहे कई पार्कों में आधा अधूरा कार्य हुआ है। इस दौरान पार्षद सुरेश पटेल, माधुरी सिंह, कुसुम पटेल, सीमा वर्मा, कांग्रेस पार्षद दल नेता गुलशन अंसारी, सपा पार्षद दल नेता हारुन सीमा वर्मा, श्रवण गुप्ता, प्रवीण राय, प्रमोद राय आदि मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व पार्षद शंकर साव के निधन पर उपसभापति नरसिंह दास ने शोक प्रस्ताव पढ़ा। शंकर साव वर्ष 2006 में जलालीपुरा वार्ड से पार्षद चुने गए थे। बिल संशोधन के नाम पर सौदेबाजी का आरोप नगर निगम अधिनियम की धारा 91 (2) के तहत प्रस्तावों में नरसिंह दास ने कहा कि जलकल के बिलों में सरचार्ज में छूट के निर्णय के बाद इसका प्रचार प्रसार नहीं किया गया और संशोधित बिल जारी नहीं किए गए। महापौर ने कहा कि 24 फरवरी से अभियान चलाकर लोगों को लाभ दिया जाए। सुरेश चौरसिया ने कहा कि आवासीय और मिश्रित भवनों पर 100 प्रतिशत जलकल सरचार्ज माफ किया गया था। लेकिन आमलोगों को परेशान करने के उद्देश्य से पीलाकार्ड मंगाकर दाखिल खारिज की तारीख से टैक्स लगाया जा रहा है। मिश्रित भवनों को वाणिज्यिक बताकर बिल सुधार के नाम पर सौदेबाजी हो रही है। नहीं सुधरे तो कार्रवाई की संस्तुति होगी छुट्टा पशुओं की समस्या पर महापौर ने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल को फटकार लगाई। कहा यदि 15 दिन में सुधार नहीं हुआ तो निगम सदन अपना अधिकार दिखाएगा और कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की जाएगी। वहीं उद्यान अधीक्षक वीके सिंह से पौधरोपण पर स्पष्ट जवाब न मिलने पर महापौर ने फटकार लगाई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।