बनारस को टॉप-थ्री स्वच्छ शहर में शामिल कराएगा निगम
Varanasi News - वाराणसी नगर निगम 21 मई से स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगा। इस अभियान में 100 वार्डों को 204 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी सफाई की निगरानी करेंगे। महापौर ने अधिकारियों से नियमित रूप से सफाई कार्य में सक्रिय रहने की अपील की।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। नगर निगम बनारस को टॉप-थ्री स्वच्छ शहरों में शामिल कराने के लिए 21 मई से विशेष अभियान चलाएगा। कमिश्नरी हॉल में मंगलवार को कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे। उन्हें बताया गया कि सफाई कार्य के लिए सौ वार्डों को 204 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में नोडल अधिकारी 15 दिन तक सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे। मुख्य मार्गों, मोहल्लों, गलियों में सफाई, शत-प्रतिशत डोर-टु-डोर कूड़ा उठान और खाली प्लॉटों में गंदगी हटाने पर वे विशेष ध्यान देंगे। मुख्य अतिथि महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में काशी से ही पूरे देश में स्वच्छता का संदेश दिया था।
इस बार बनारस को टॉप-थ्री स्वच्छ शहरों में लाना है। अधिकारियों से अपील की कि वे 15 दिन तक रोज तीन-चार घंटे अभियान में लगाएं। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले तीन सुपरवाइजरों और 10 सफाईकर्मियों को पुरस्कृत किया।मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि अब सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। स्वच्छता को सिर्फ नगर निगम का काम न समझें। इसे जनांदोलन बनाना होगा। डीएम सत्येंद्र कुमार ने कहा कि अधिकारी रात में सड़कों पर जरूर निकलें। कूड़े-कचरे का आकलन जरूर करें। अगले दिन सुबह वे उन्हें साफ कराएं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने डोर-टु-डोर कूड़ा उठान पर जोर दिया। कहा कि अभियान की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इससे फीडबैक लिया जाएगा। कार्यशाला का संचालन अंजला झा और पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने किया। अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्त, एनएसए डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए अनुराग श्रीवास्तव मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


