
वाराणसी मंडल बना बालिका हैंडबॉल का प्रदेश चैंपियन
Varanasi News - वाराणसी मंडल की जूनियर बालिका हैंडबॉल टीम ने अयोध्या में आयोजित प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेल छात्रावास अयोध्या को 22-18 से हराकर प्रदेश की चैंपियन बनी। सताक्षी पटेल और प्रीति यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वाराणसी की गोलकीपर सुरम्या पाठक ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम में विकास इंटर कालेज की 10 खिलाड़ी शामिल थीं।
वाराणसी। वाराणसी मंडल की जूनियर बालिका हैंडबॉल टीम ने मंगलवार को प्रादेशिक जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल छात्रावास अयोध्या को 22-18 गोल से पराजित कर प्रदेश की चैंपियन बन गई। प्रतियोगिता अयोध्या में आयोजित थी। फाइनल मैच में वाराणसी मंडल की तरफ से सताक्षी पटेल और प्रीति यादव की जोड़ी ने खेल छात्रावास अयोध्या के ऊपर आक्रमण की शुरुआत की। उनका साथ शिवांगी पांडेय और स्नेहा ने दिया। जब तक खेल छात्रावास अयोध्या की टीम को कुछ समझ में आता, तब तक वाराणसी मंडल की टीम 10-4 गोल से आगे हो चुकी थी। खेल छात्रावास अयोध्या की टीम ने भी काउंटर अटैक किया।

वाराणसी मंडल की गोलकीपर सुरम्या पाठक ने हर बार मुस्तैदी से आक्रमण को बेकार कर दिया। हॉफ टाइम तक वाराणसी की टीम 12-7 गोल से आगे थी। दूसरे हॉफ में वाराणसी मंडल की टीम ने अपने टीम मैनेजर तरुण कुमार की सलाह पर बाएं छोर से खेल छात्रावास अयोध्या के ऊपर आक्रमण की नीति अपनाई। इस बार काजल, रितिका और मानसी ने आक्रमण की बागडोर संभाली। खेल छात्रावास अयोध्या की डिफेंस लाइन को वाराणसी मंडल की टीम ने सांस लेने का भी मौका नहीं दिया। खेल समाप्त होने की जब लंबी सीटी बजी उस समय वाराणसी मंडल की टीम 22-18 गोल से आगे थी। वाराणसी मंडल की तरफ से सताक्षी पटेल ने चार, प्रीति यादव, शिवांगी पांडेय और स्नेहा ने तीन तीन, काजल, मानसी और प्रीति पटेल ने दो दो तथा रितिका, साक्षी और सुहानी ने एक एक गोल किया। वाराणसी मंडल की गोलकीपर सुरम्या पाठक और सेजल ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वाराणसी मंडल की टीम में विकास इंटर कालेज की 10 खिलाड़ी शामिल थी। ये खिलाड़ी डॉ आशा सिंह की देखरेख में परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह, उप्र हैंडबाल संघ की संयुक्त सचिव बिभव सिंह और जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शैंपू ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




