
वाराणसी मंडल की बालिका हैंडबॉल टीम बनी चैंपियन
Varanasi News - वाराणसी मंडल की बालिका हैंडबॉल टीम ने अयोध्या में आयोजित प्रादेशिक जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में खेल छात्रावास अयोध्या को 22-18 से हराकर प्रदेश की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पहले हॉफ में वाराणसी ने 12-7 की बढ़त बनाई और अंत में शानदार प्रदर्शन के साथ जीत दर्ज की।
वाराणसी। वाराणसी मंडल की बालिका हैंडबॉल टीम ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित प्रादेशिक जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में खेल छात्रावास अयोध्या को 22-18 गोल से पराजित कर प्रदेश की चैंपियन बन गई। फाइनल मैच की शुरुआत वाराणसी मंडल की सताक्षी पटेल और प्रीति यादव की जोड़ी ने की, जिसका समर्थन शिवांगी पांडेय और स्नेहा ने किया। पहले हॉफ में वाराणसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12-7 की बढ़त बना ली। गोलकीपर सुरम्या पाठक ने हर काउंटर अटैक को बेकार कर दिया। दूसरे हॉफ में टीम मैनेजर तरुण कुमार की सलाह पर बाएं छोर से आक्रमण रणनीति अपनाई गई।

काजल, रितिका और मानसी ने आक्रमण की बागडोर संभाली और डिफेंस लाइन को दबाव में रखा। अंत में वाराणसी मंडल की टीम ने 22-18 से मैच जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वाराणसी मंडल की तरफ से सताक्षी पटेल ने चार गोल किए, प्रीति यादव, शिवांगी पांडेय और स्नेहा ने तीन-तीन, काजल, मानसी और प्रीति पटेल ने दो-दो, जबकि रितिका, साक्षी और सुहानी ने एक-एक गोल किया। गोलकीपर सुरम्या पाठक और सेजल का प्रदर्शन भी शानदार रहा। टीम में विकास इंटर कॉलेज की 10 खिलाड़ी शामिल थीं, जिन्होंने डॉ. आशा सिंह की देखरेख में परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस जीत पर प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह, यूपी हैंडबॉल संघ की संयुक्त सचिव बिभव सिंह और जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शैंपू ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




