
फूलमंडी पर फिर ताला, प्रबंधक ने किया आत्मदाह का प्रयास
Varanasi News - वाराणसी के मलदहिया फूलमंडी में नगर निगम की टीम ने भारी विरोध के बीच दोबारा ताला जड़ दिया। प्रबंधक विशाल दुबे ने आत्मदाह का प्रयास किया और अधिकारियों पर पेट्रोल डालने की कोशिश की। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की, और नगर निगम ने 10 से अधिक लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। मलदहिया फूलमंडी में सोमवार को नगर निगम की टीम ने भारी विरोध के बीच दोबारा ताला जड़ दिया। कार्रवाई का विरोध करने के लिए प्रबंधक विशाल दुबे ने खुद पर पेट्रोल छिड़कर आत्मदाह का प्रयास किया। बताते हैं कि इस दौरान निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों पर भी पेट्रोल डाला लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। करीब दो घंटे चली कार्रवाई के दौरान प्रबंधक, उनके समर्थकों और अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्का भी हुई। पुलिस और नगर निगम प्रवर्तन दल के जवानों ने हस्तक्षेप किया और विरोध कर रहे लोगों को पीछे हटाते हुए फूलमंडी के मुख्य प्रवेश द्वार समेत दो दुकानों को सील कर दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने प्रबंधक विशाल दुबे समेत दस से अधिक लोगों के खिलाफ सिगरा थाने में तहरीर दी है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव समेत अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। मलदहिया फूलमंडी के प्रबंधक विशाल दुबे ने कहा कि नगर निगम ने यह कार्रवाई बिना किसी लिखित आदेश के की है। 17 जनवरी को नगर आयुक्त से मिलने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। मामले में 20 जनवरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई भी होनी है। तो आखिर इतनी जल्दी क्या थी? रक्षा संपदा की जमीन पर नगर निगम को जब नामंतरण का अधिकार नहीं है तो बेदखली कैसे कर सकता है? किसानों के लिए मुफ्त होगी मंडी नगर निगम ने फूलमंडी में किसानों से किसी प्रकार का शुल्क न लेने का फैसला लिया है। किसानों को सीधे निगम के साथ अनुबंध करना होगा और वैधानिक रूप से अपना स्थान सुरक्षित कर सकते हैं। इसके लिए किसान और फूल विक्रेता नगर निगम मुख्यालय में राजस्व विभाग के कमरा संख्या 11 में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। नगर निगम के अनुसार अब तक 76 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यदि भविष्य में किसी ने भी इस सरकारी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया या किसानों को डराने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। 45 करोड़ की भूमि पर निगम का कब्जा करीब 11 हजार वर्गफीट की इस जमीन की वर्तमान कीमत 45 करोड़ रुपये है। रक्षा संपदा विभाग के स्वामित्व वाली जमीन के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




